| |

उज्जैन में दिव्यांगों को बांटे सहायक उपकरण: 400 से ज्यादा लोग पहुंचे; ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र दिए

उज्जैन।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को दशहरा मैदान स्थित परेड ग्राउंड में दिव्यांगजनों के लिए सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सेवा संकल्प पखवाड़े के तहत हुए आयोजन में उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम में जिलेभर से 400 से अधिक दिव्यांगजन शामिल हुए।

इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों को सहारा देकर उनके जीवन को आसान बनाना रहा। कार्यक्रम में महापौर, पूर्व महापौर, भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

ट्राईसाइकिल से बिना किसी सहारे के आ जा सकेंगे 
कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के मुताबिक ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, ब्लाइंड स्टिक और श्रवण यंत्र वितरित किए गए। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे दिव्यांगों को भी इस पहल का लाभ मिला। ट्राईसाइकिल मिलने पर घटिया निवासी मनीष यादव के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने बताया कि चलने में परेशानी के कारण दूसरों की मदद लेनी पड़ती थी, लेकिन अब ट्राईसाइकिल मिलने से वे बिना किसी सहारे कहीं भी आ-जा सकेंगे। इस सहायता से दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

सहायक उपकरण वितरित किए 
सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा संकल्प पखवाड़े के रूप में मना रही है। इसी के तहत दशहरा मैदान में दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं।

400 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया
सांसद ने उपकरणों से दिव्यांगों को रोजमर्रा के कामकाज में आसानी मिलेगी और उनकी परेशानियां कम होंगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए 400 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। जरूरतमंदों की मदद और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह पहल की जा रही है। आज दूरदराज के गांवों से भी दिव्यांगजन कार्यक्रम में पहुंचे हैं।

Share