रीवा में कल्पना मिश्रा मौत मामले में अनशन स्थल पहुंचे विधायक अभय मिश्रा: पुलिस ने हटाया; बोले- मैं शांति से बैठा हूं

रीवा। गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उनके नवजात की मौत के मामले को लेकर रीवा में चल रहा विरोध-प्रदर्शन एक बार फिर गरमा गया। सोमवार को सिरमौर चौराहे स्थित अनशन स्थल पर पहुंचे कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को पुलिस अपने साथ पुलिस कंट्रोल रूम ले गई। विधायक मृतका कल्पना मिश्रा के पिता के समर्थन में अनशन स्थल पहुंचे थे। उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद थे।
मौके पर पुलिस और प्रशासन का बल पहले से तैनात था। प्रशासन के मुताबिक, विधायक बिना पूर्व सूचना और अनुमति के समर्थकों के साथ अनशन स्थल पर बैठे थे। एसडीएम अनुराग तिवारी ने बताया कि बिना अनुमति समूह में बैठने की स्थिति में कार्रवाई की गई और विधायक को वहां से पुलिस कंट्रोल रूम ले जाया गया।
14 दिन तक अनशन पर बैठे रहे कल्पना के पिता
26 अगस्त को रीवा के गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उनके नवजात की मौत के बाद से ही मामले को लेकर विरोध-प्रदर्शन चल रहे हैं। मृतका के पिता ने सिरमौर चौराहे पर करीब 14 दिनों तक अनशन किया।
बीते दिन प्रशासन ने अनशन कर रहे मृतका के पिता को धरना स्थल से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद उनके समर्थन में पहुंचे विधायक अभय मिश्रा को भी पुलिस द्वारा अनशन स्थल से हटाए जाने का मामला सामने आया है।
विधायक बोले- मैं धरना नहीं कर रहा
पुलिस द्वारा ले जाए जाने से पहले विधायक अभय मिश्रा ने कहा कि वह शांतिपूर्वक बैठे हैं और इलाके में धारा 144 लागू नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग उनसे मिलने आ रहे हैं, ऐसे में उन्हें कैसे रोका जा सकता है। विधायक ने कहा कि वह यहां कोई धरना-प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। विधायक ने इस दौरान शायर नवाज देवबंदी का शेर भी पढ़ा और कार्रवाई को लेकर अपनी बात रखी।
मजिस्ट्रियल जांच जारी
कल्पना मिश्रा और उनके नवजात की मौत के मामले में प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं मामले की मजिस्ट्रियल जांच अभी जारी है। अनशन स्थल से मृतका के पिता को हटाने और इसके बाद विधायक अभय मिश्रा को पुलिस द्वारा ले जाने की कार्रवाई के बाद रीवा में मामले ने एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक रूप ले लिया है।