देवास की छात्राओं का एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन: 4 ने जीता पहला स्थान; 5 का संभाग स्तर पर चयन

देवास। पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हाटपीपल्या की छात्राओं ने जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
देवास के श्रीमंत तुकोजीराव पवार स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कोच हर्षा जोशी के मार्गदर्शन में छात्राओं ने अलग-अलग स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किए। कक्षा 9वीं की वशिका अम्बाराम ने मिनी लांग जंप में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इन लोगों को मिला पहला स्थान
कक्षा 10वीं की आशा छोटेलाल ने गोला फेंक में पहला स्थान हासिल किया। कक्षा 11वीं की ऋषिका जसमतसिंह ने सीनियर लांग जंप में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, कक्षा 10वीं की आशा खरसोदिया ने जूनियर लांग जंप में प्रथम स्थान हासिल किया। गौरी संतोष उत्पर्या ने मिनी लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भी होगी शामिल
विद्यालय के शिक्षक मुफीद अहमद मंसूरी ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनित हुईं सभी पांच छात्राएं 11 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए उज्जैन रवाना होंगी।
शिक्षकों ने दी बधाई
छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य एन. पी. सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ सदस्यों ने उन्हें बधाई दी। साथ ही उज्जैन में होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।