युवराज सिंह की नई पारी का आगाज़, दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ सकते हैं
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह अपने करियर की एक नई पारी शुरू करने की तैयारी में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युवराज जल्द ही क्रिकेट कोचिंग के क्षेत्र में कदम रख सकते हैं।
बताया जा रहा है कि अगले दो वर्षों के लिए आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स का संचालन JSW समूह के पास रहेगा। JSW के नेतृत्व में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली फ्रेंचाइजी के कोचिंग विभाग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गांगुली कोचिंग स्टाफ में युवराज सिंह को भी शामिल करना चाहते हैं, हालांकि इस प्रस्ताव पर युवराज की ओर से अभी अंतिम सहमति नहीं मिली है।
आईपीएल में कोचिंग का नहीं है अनुभव
युवराज सिंह के पास अभी तक किसी भी आईपीएल टीम के साथ कोचिंग का अनुभव नहीं है। वहीं उनके पूर्व साथी खिलाड़ी आशीष नेहरा, जहीर खान और वीरेंद्र सहवाग आईपीएल में विभिन्न कोचिंग भूमिकाएं निभा चुके हैं। पूर्व भारतीय बल्लेबाज गौतम गंभीर को भी आईपीएल में उनके सफल कोचिंग रिकॉर्ड के आधार पर भारतीय टीम का मुख्य कोच बनाया गया था।
हालांकि, युवराज सिंह युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के लिए जाने जाते हैं। अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन, प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य और ऋषभ पंत जैसे कई खिलाड़ियों ने अपने खेल में सुधार के लिए युवराज की सलाह और प्रशिक्षण का सहारा लिया है। युवराज ने भी इन खिलाड़ियों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
यदि युवराज सिंह दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बनते हैं, तो यह उनके क्रिकेट करियर का एक नया और महत्वपूर्ण अध्याय साबित हो सकता है।
