|

निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी: तीन आरोपियों पर 10 हजार रुपए का इनाम; SIT कर रही तलाश

कटनी। जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त, भ्रष्टाचार और हत्या के आरोपी को बचाने के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 20 अगस्त को केस दर्ज होने के बाद से नेहा पच्चीसिया, उनके करीबी क्षितिज राज बारापात्रे और जमीन खरीदार मारुफ अहमद हनफी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तीनों के देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है।

तीनों पर कुल 10 हजार रुपए का इनाम
कटनी SP अभिनय विश्वकर्मा ने तीनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर कुल 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। जबलपुर आईजी के निर्देश पर गठित एसआईटी तीनों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गुरुवार को SIT टीम मारुफ अहमद के घर भी पहुंची थी, लेकिन वहां ताला लगा मिला।

अग्रिम जमानत पर शनिवार को होगी सुनवाई
गिरफ्तारी से बचने के लिए निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया और क्षितिज राज ने विशेष न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। मंगलवार को करीब तीन घंटे तक इस मामले में बहस चली, लेकिन फैसला नहीं हो सका। अब शनिवार को मामले में दोबारा सुनवाई होगी।

सील कार्यालय के दस्तावेजों की भी होगी जांच
पुलिस ने CSP कार्यालय को सील किया है। कार्यालय में रखे दस्तावेजों की जांच SIT द्वारा की जानी बाकी है। जांच टीम मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाल रही है।

Share