मऊगंज में आगजनी में झुलसे युवक की मौत: संजय गांधी अस्पताल में चल रहा था इलाज; परिजनों ने धमकी का आरोप लगाया

मऊगंज। लौर थाना क्षेत्र के अलहौवा गांव में 25 अगस्त को हुई आगजनी की घटना में गंभीर रूप से झुलसे युवक अजहरुद्दीन उर्फ राजू की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक का संजय गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में उपचार चल रहा था। मौत की खबर के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
विवाद के दौरान पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
जानकारी के अनुसार ईद मिलादुन्नबी से एक दिन पहले गांव में पर्व की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि राम रहीश जायसवाल ने लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में कई लोग झुलसे थे, इनमें अजहरुद्दीन की हालत गंभीर बनी हुई थी।

मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राम रहीश जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया था। अब अजहरुद्दीन की मौत के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
परिजनों का आरोप- सहयोगी लगातार दे रहे धमकी
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी के कथित सहयोगियों की ओर से उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। परिजनों ने पुलिस से धमकी देने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है।
मौत के बाद पुलिस के सामने बढ़ी चुनौती
युवक की मौत के बाद पुलिस के सामने अब मुख्य आरोपी के साथ कथित सहयोगियों की भूमिका की जांच करने की चुनौती है। साथ ही परिजनों को मिल रही धमकियों की शिकायत पर भी कार्रवाई की मांग उठी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।