| |

ट्विशा शर्मा मौत मामला: भोपाल एम्स में दोबारा पोस्टमॉर्टम, दिल्ली AIIMS की टीम जुटी; पति समर्थ ने खुद को बताया बेकसूर

Bhopal की अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार हाई-प्रोफाइल होता जा रहा है। भोपाल स्थित AIIMS में दिल्ली AIIMS से आई चार सदस्यीय विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मॉर्च्यूरी और पूरे एम्स परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

ट्विशा के भाई मेजर हर्षित ने जानकारी दी कि दोबारा पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार शाम 5 बजे भदभदा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं, मृतका के पिता नवनिधि शर्मा ने मांग की है कि राज्य सरकार की सहमति के बाद मामले को जल्द से जल्द सीबीआई को सौंपा जाए

12 मई की रात हुई थी संदिग्ध मौत

गौरतलब है कि 12 मई की रात कटारा हिल्स क्षेत्र में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायका पक्ष ने पति समर्थ सिंह और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस रिमांड में पति समर्थ से पूछताछ

फिलहाल सात दिन की पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी पति समर्थ सिंह से कटारा हिल्स थाने में करीब दो घंटे तक पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, समर्थ ने खुद को पूरी तरह बेकसूर बताते हुए दावा किया कि शादी के बाद दोनों के रिश्ते सामान्य थे।

समर्थ के मुताबिक, 17 अप्रैल 2026 को ट्विशा की प्रेग्नेंसी की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा। उसने कथित तौर पर ग्लैमर वर्ल्ड और घरेलू जिंदगी को लेकर असहजता जताई थी। समर्थ ने पुलिस को बताया कि ट्विशा कुछ समय के लिए दिल्ली-नोएडा और बाद में अपने भाई के पास नसीराबाद (अजमेर) भी गई थी, लेकिन बाद में भोपाल लौट आई।

12 मई की रात क्या हुआ? समर्थ ने बताई कहानी

समर्थ ने पुलिस को बताया कि 12 मई की रात दोनों ने साथ खाना खाया और टीवी देखा। उसके अनुसार, बाद में ट्विशा अपने माता-पिता से फोन पर बात करने नीचे चली गई और वह सो गया। कुछ देर बाद उसकी मां गिरिबाला सिंह और ट्विशा की मां का फोन आया कि ट्विशा परेशान होकर रो रही है।

समर्थ का दावा है कि जब उसकी मां छत पर पहुंचीं, तो ट्विशा ने इलास्टिक एक्सरसाइज बेल्ट से फंदा लगा लिया था। उसने बताया कि दोनों ने मिलकर उसे नीचे उतारा और CPR देने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

थाने में साधारण तरीके से गुजरी रात

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वीआईपी पृष्ठभूमि से जुड़े समर्थ सिंह की रात कटारा हिल्स थाने में सामान्य बंदी की तरह गुजरी। गर्मी के बीच उसने पैक्ड मिनरल वॉटर की मांग की, लेकिन उसे सामान्य पानी दिया गया। कूलर नहीं होने के कारण आरोपी को रातभर उमस का सामना करना पड़ा।

सोमवार अहम, सुप्रीम कोर्ट और जमानत पर सुनवाई

इस मामले में सोमवार बेहद अहम दिन माना जा रहा है। एक ओर उच्चतम न्यायालय में सुनवाई होनी है, वहीं दूसरी ओर भोपाल जिला अदालत में आरोपी सास गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग पर सुनवाई होगी। अदालत पहले ही समर्थ सिंह का पासपोर्ट जब्त करने के आदेश दे चुकी है।

Share

Similar Posts