भोपाल लाठीचार्ज के विरोध में इंदौर के डॉक्टरों का प्रदर्शन: 11 बजे बाद ओपीडी बंद; बोले- स्टाइपेंड बढ़ाएं और दोषियों पर कार्रवाई हो

इंदौर। भोपाल में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे इंटर्न डॉक्टरों पर हुई कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को एमवाय अस्पताल में जूनियर और इंटर्न डॉक्टरों ने प्रदर्शन किया। डॉक्टरों ने सुबह 9 से 11 बजे तक ओपीडी में मरीजों को देखा। इसके बाद ओपीडी सेवाएं बंद कर विरोध जताया। इससे अस्पताल में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
डॉक्टर बोले- शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर कार्रवाई गलत
एमजीएम मेडिकल कॉलेज जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह सिद्धू ने कहा कि इंटर्न डॉक्टर लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। भोपाल में इसी मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान वाटर कैनन और लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग
इंटर्न डॉक्टर रिंकू वर्मा ने बताया कि वर्तमान में उन्हें 14,337 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड मिल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि यह राशि दूसरे राज्यों की तुलना में काफी कम है। उन्होंने सरकार से स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग की है।
दोषियों को सस्पेंड करने की मांग
प्रदर्शनकारी डॉक्टरों ने भोपाल की घटना के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि डॉक्टर मरीजों की सेवा करते हैं। अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना उनका अधिकार है। मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन आगे भी जारी रखने की चेतावनी दी गई है।