तंत्र-मंत्र का डर, फिर 31 हजार की ठगी: पति को सांप से कटवाने की धमकी दी; इंदौर में साइबर फ्रॉड का नया तरीका

इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला से फोन कॉल के जरिए साइबर ठगी हुई। आरोपी ने महिला को तंत्र-मंत्र और अलग-अलग तरह की बातों में उलझाकर पहले पैसे ऐंठे।
जब महिला ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उसे और उसके पति को सांप से कटवाने तक की धमकी दे डाली। डर के चलते महिला काफी समय तक आरोपी के झांसे में रही। बाद में उसने पुलिस से शिकायत की।
अनजान नंबर से फोन करके डराया
पीड़िता सरिदोष के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने महिला को बातों में उलझाया और तंत्र-मंत्र से जुड़ी बातें बताते हुए डराना शुरू किया। इसके बाद अलग-अलग कारण बताकर महिला से ऑनलाइन तरीके से 31 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
पति को सांप से कटवाने की धमकी दी
जब महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे और उसके पति को डराते हुए सांप से कटवाने की धमकी दी। इस धमकी के बाद महिला और उसका परिवार और ज्यादा डर गए।
एफआईआर दर्ज की
मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने मध्यप्रदेश पुलिस की जीरो एफआईआर व्यवस्था के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल नंबर और ऑनलाइन लेनदेन की जानकारी के आधार पर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
डर या लालच में पैसे ट्रांसफर न करें
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन पर तंत्र-मंत्र, डर या लालच में आकर पैसे ट्रांसफर न करें और साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।