| |

उज्जैन में छात्रा का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम; छेड़छाड़ से परेशान होकर खाया था जहर; आरोपी का घर तोड़ा

उज्जैन। भाटपचलाना थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा की छात्रा की आत्महत्या के बाद हिंदूवादी संगठनों ने लव जिहाद का आरोप लगाते हुए छात्रा का शव सड़क पर रखकर दो घंटे तक प्रदर्शन किया। |

प्रदर्शनकारियों ने आरोपी युवक के मकान पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के मकान के अवैध शेड को हटवा दिया।

युवक से परेशान होकर खाया जहर
बड़नगर के ग्राम रुणीजा में 11वीं की छात्रा ने सोमवार को स्कूल से लौटने के बाद जहर खा लिया। परिजनों के मुताबिक, स्कूल में पढ़ने वाला एक युवक उसे लगातार परेशान कर रहा था। आरोप है कि शिकायत करने पर शिक्षक ने भी छात्रा को डांटकर स्कूल आने से मना किया। इससे वह मानसिक तनाव में रहने लगी। सोमवार को युवक द्वारा धमकाए जाने के बाद छात्रा ने यह कदम उठाया। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।

चक्का जाम के बाद हुई कार्यवाही
मंगलवार सुबह छात्रा की मौत की खबर गाँव में फैली तो हिन्दू वादी संगठन के कार्यकर्ता और छात्रा के परिजन एकत्रित हो गए। उन्होंने छात्रा की लाश रूनीजा के भगत सिंह चौराहा पर रखकर चक्का जाम कर दिया। खबर लगते ही मौके पर क्षेत्रीय विधायक जितेंद्र पण्ड्या एसडीओपी आकांक्षा बीछोटे थाना प्रभारी और पुलिस बल मौजूद रहा। इसके बाद आरोपी छात्र के घर के ऊपर का अवैध हिस्सा नगर पंचायत की मदद से हटा दिया गया।

दो घंटे शांत हुआ मामला
संगठन ने आरोपी छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ उसका मकान तोड़ने की मांग उठाई। दबाव के बीच पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। जांच में यदि शिक्षक की भूमिका सामने आती है, तो उसका नाम भी केस में जोड़ा जा सकता है। मौके पर पहुंचे विधायक जितेंद्र पंड्या ने कहा कि बेटी के साथ न्याय होना चाहिए और जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share