रीवा पुलिस ने वाटर कैनन-आंसू गैस से कोंग्रेसियों को रोका: धक्का-मुक्की हुई; डिप्टी CM के आवास का घेराव करने निकले थे

रीवा। स्वास्थ्य व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसी उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के आवास का घेराव करने निकले थे।
पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की तो कार्यकर्ता बैरिकेड पार करने पर अड़ गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछारें छोड़ीं और आंसू गैस के गोले दागे। कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

विवेकानंद पार्क में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता
मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वान पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता कॉलेज चौराहा स्थित विवेकानंद पार्क में जुटे। यहां कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था की प्रतीकात्मक अर्थी तैयार की।
इसके बाद कार्यकर्ता अर्थी लेकर स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के आवास की ओर बढ़े। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी और रास्ते में बैरिकेडिंग की गई थी।
बैरिकेड पार करने की कोशिश, पुलिस से झूमाझटकी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई।
कार्यकर्ता सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ लगातार नारेबाजी करते रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
वाटर कैनन के बाद आंसू गैस के गोले छोड़े
वाटर कैनन से पानी की बौछार किए जाने के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। उन्हें पुलिस वाहनों में बैठाकर मौके से रवाना किया गया।

कांग्रेस नेता बोले- सरकार पुलिस के सहारे नाकामी छिपा रही
कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह दादू ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था की अर्थी तैयार कर प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों को दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। मरीजों की समस्याओं के साथ नर्सिंग विद्यार्थियों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी।
स्वास्थ्य मंत्री के आवास का घेराव करने निकले थे
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग में लगातार लापरवाही और अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। मरीजों को इलाज के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा नर्सिंग विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे भी लंबे समय से उठाए जा रहे हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री के आवास का घेराव करने का ऐलान किया था।

कॉलेज चौराहे पर तैनात रहा पुलिस बल
प्रदर्शन के दौरान कॉलेज चौराहा क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने बैरिकेडिंग के जरिए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहनों से मौके से रवाना किया गया। इस दौरान लंबे समय तक सड़क पर नारेबाजी और हंगामे की स्थिति बनी रही।