| |

हाईकोर्ट के सामने ही टूट रहे ट्रैफिक नियम: 660 CCTV के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्था; कोर्ट ने जताई नाराजगी

इंदौर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में अब तक कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है।

गलत नंबर प्लेट और हूटर लगी गाड़ियां दौड़ रहीं

कोर्ट के सामने ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होते दिखाई दिया। सड़कों पर गलत नंबर प्लेट, बिना नंबर प्लेट और हूटर-सायरन लगी गाड़ियां दौड़ रही हैं। इसे लेकर कोर्ट ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

सिर्फ चालान से नहीं सुधरेगी व्यवस्था
कोर्ट ने कहा कि लगातार चालान किए जाने के बावजूद अगर ट्रैफिक जाम और नियमों का उल्लंघन जारी है तो केवल चालानी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाने होंगे।

सरकार ने बताया- 660 CCTV कैमरे लगाए
सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से बताया गया कि शहर में 660 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक जवानों की तैनाती भी की गई है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर कोर्ट ने व्यवस्था पर नाराजगी जताई।

भारी वाहनों की एंट्री पर भी देना होगा जवाब
अब प्रशासन को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के साथ भारी वाहनों की एंट्री को लेकर भी जवाब देना होगा। कोर्ट ने इस संबंध में अगली सुनवाई में जानकारी पेश करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 28 सितंबर को होगी।

Share