जिला कोर्ट से रीगल तिराहे तक दिनभर जाम: सड़क किनारे खड़े सैकड़ों वाहन बने परेशानी; ट्रैफिक पुलिस के लिए चुनौती

इंदौर। जिला कोर्ट से रीगल तिराहे तक दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। मंगलवार को भी एमजी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इससे आम वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिला कोर्ट के बाहर और आसपास बड़ी संख्या में कारें खड़ी रहती हैं। सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से मुख्य मार्ग संकरा हो जाता है। इसके कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ जाती है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।
पुलिसकर्मी मौजूद, फिर भी व्यवस्था नहीं सुधरी
मौके पर यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। यही वजह है कि समस्या लगातार बनी हुई है।

कर्मचारी, व्यापारी और छात्र परेशान
जिला कोर्ट से रीगल तिराहे के बीच लगने वाले जाम का असर रोजाना आने-जाने वालों पर पड़ रहा है। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, व्यापारी, छात्र और आम वाहन चालक परेशान हैं।

स्थायी समाधान की जरूरत
इस मार्ग पर जाम की समस्या अब रोजाना की परेशानी बनती जा रही है। सड़क किनारे होने वाली पार्किंग पर सख्ती और यातायात व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। सवाल यह है कि ट्रैफिक पुलिस इस समस्या का स्थायी समाधान कब करेगी।