| | |

इंदौर में सूने मकानों में चोरी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार: 4.5 लाख के जेवर बरामद; महंगे शौक के लिए किया अपराध 

इंदौर। लसुड़िया पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

गहनों की कीमत 4.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली। पूछताछ में आरोपियों ने महंगे शौक और लग्जरी लाइफ जीने के  चोरी की थी।

12 और 20 अगस्त को की चोरी 
लसुडिया थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर में 12 और 20 अगस्त को दो सूने मकानों के ताले तोड़कर सोने के जेवर और नकदी चोरी की गई थी। शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

सीसीटीवी से हुई पहचान 
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। दोनों वारदातों में एक जैसे हुलिए के दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस टीम लगातार फुटेज के आधार पर उनका पीछा करते हुए संदिग्ध साहिल बिष्ट तक पहुंची।

चार अपराध पहले से दर्ज
पूछताछ में साहिल ने अपने साथी अनुराग उर्फ भय्यू दुबे के साथ दोनों वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 32 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। साहिल पर चोरी, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के 15 अपराध, जबकि अनुराग पर चोरी, चेन स्नैचिंग और मारपीट के चार अपराध पहले से दर्ज हैं। पुलिस पकड़े गए इन दोनों ही आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर भी लगातार पूछताछ कर रही है।

Share