|

ट्विशा केस: पति समर्थ 29 मई तक CBI रिमांड पर

Bhopal में अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में जांच तेज हो गई है। विशेष जांच दल (SIT) ने आरोपी पति समर्थ सिंह को बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे 29 मई तक CBI रिमांड पर भेज दिया। रिमांड मिलने के बाद CBI की टीम समर्थ सिंह को लेकर उसके घर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया।

वहीं, मामले में रिटायर्ड जज और सास गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग वाली याचिका पर Madhya Pradesh High Court में सुनवाई जारी है। यह सुनवाई जस्टिस देवनारायण मिश्र की अदालत में हो रही है। मध्य प्रदेश सरकार और ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने अग्रिम जमानत पर आपत्ति दर्ज कराई है। पीड़ित पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा पैरवी कर रहे हैं।

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता (AG) प्रशांत सिंह ने अदालत में कहा कि आरोपी पक्ष ने जमानत की शर्तों का गंभीर उल्लंघन किया है। उन्होंने अदालत को बताया कि रिकॉर्ड में नोटिस जारी होने और जांच प्रक्रिया से जुड़ी तारीखें मौजूद हैं, जिन्हें अदालत स्वयं देख सकती है।

महाधिवक्ता ने यह भी कहा कि वे केवल केस डायरी में मौजूद दस्तावेजों का हवाला दे रहे हैं, ताकि अदालत को मामले की स्थिति स्पष्ट हो सके। इस दौरान आरोपी पक्ष के वकील ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें संबंधित सामग्री नहीं दिखाई गई है। जवाब में AG ने कहा कि जांच में सहयोग करने पर सभी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी और यह पूरी जानकारी केस डायरी का हिस्सा है।

मामले में CBI अब घटनास्थल, डिजिटल साक्ष्यों और कथित घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। वहीं, हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत पर फैसला आने पर जांच की दिशा पर भी असर पड़ सकता है।

Share

Similar Posts