ट्विशा केस में बड़ा मोड़: गिरिबाला सिंह की कभी भी गिरफ्तारी संभव, CBI कर रही पूछताछ
एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच तेज हो गई है। रिटायर्ड जज और सास Giribala Singh की कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे CBI की टीम उनके घर पहुंची, जहां अधिकारियों ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत रद्द होने के बाद जांच एजेंसी अब मामले में और सख्ती से कार्रवाई करती नजर आ रही है।
जांच के दौरान CBI ने तकनीक का इस्तेमाल करते हुए घर में हाई इंटेंसिटी 3D कैमरा लगाकर पूरे परिसर की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की। टीम ने आसपास की लोकेशन भी स्कैन की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटनास्थल किसी पड़ोसी मकान की छत, खिड़की या बालकनी से दिखाई देता था या नहीं। माना जा रहा है कि इस तकनीकी जांच से घटनास्थल की वास्तविक स्थिति और संभावित परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी।
बुधवार को Madhya Pradesh High Court ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। कोर्ट ने देर रात 17 पन्नों का विस्तृत आदेश जारी करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता, उपलब्ध साक्ष्य और जांच की मौजूदा स्थिति को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना उचित नहीं था।
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में यह भी कहा कि निचली अदालत ने केस डायरी और सबूतों का सही तरीके से परीक्षण नहीं किया। अदालत के अनुसार, ट्विशा की डेडबॉडी पर कई चोटों के निशान पाए गए थे, जिनका आरोपी पक्ष संतोषजनक जवाब देने में असफल रहा।
गौरतलब है कि इस मामले में CBI पहले ही आरोपी पति समर्थ सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। अब गिरिबाला सिंह से पूछताछ और घटनास्थल की तकनीकी जांच के बाद केस में कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।






