| |

सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या: पीछा कर रास्ता रोका, फिर बरसाईं गोलियां

Suvendu Adhikari के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में यह हमला पूरी तरह से पूर्व नियोजित और पेशेवर अंदाज में अंजाम दिया गया प्रतीत हो रहा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

जानकारी के अनुसार 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ बुधवार रात करीब 9 बजे कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने किराए के घर के लिए निकले थे। उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को उनका ड्राइवर चला रहा था, जबकि चंद्रनाथ आगे की सीट पर बैठे थे। रात 9:58 बजे इलाके के एक सीसीटीवी कैमरे में उनकी स्कॉर्पियो गुजरती दिखाई दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध कार और दो बाइक पर सवार तीन लोग उसी दिशा में जाते दिखाई दिए।

करीब 10:30 बजे मध्यमग्राम के दोहरिया जंक्शन के पास हमलावरों ने स्कॉर्पियो का रास्ता रोक दिया। एक कार आगे आकर रुकी, जिससे ड्राइवर को गाड़ी रोकनी पड़ी। इसी दौरान बाइक सवार हमलावर बाईं ओर से आए और ताबड़तोड़ 6 से 10 राउंड फायरिंग कर दी। चंद्रनाथ को सीने में दो और पेट में एक गोली लगी।

वारदात के बाद हमलावर मौके पर कार छोड़कर दो अलग-अलग दिशाओं में बाइक से फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया कि कार की नंबर प्लेट फर्जी थी और उसके चेसिस नंबर के साथ भी छेड़छाड़ की गई थी।

जांच एजेंसियों के अनुसार हत्या में अत्याधुनिक Glock 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के हथियार और हमले की शैली किसी प्रोफेशनल शूटर की ओर इशारा करती है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर बेहद प्रशिक्षित लग रहे थे। एक गवाह ने कहा कि हमलावर ने बेहद करीब से फायरिंग की और कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गया। बारिश के कारण सड़क अपेक्षाकृत सुनसान थी, जिससे अपराधियों को वारदात अंजाम देने में आसानी हुई।

चंद्रनाथ रथ पहले एयरफोर्स में अधिकारी रह चुके थे। वीआरएस लेने के बाद उन्होंने कॉर्पोरेट क्षेत्र में काम किया और बाद में राजनीति से जुड़ गए। वे उस समय से All India Trinamool Congress से जुड़े रहे, जब सुवेंदु अधिकारी उसी पार्टी में थे। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए और सुवेंदु अधिकारी के सबसे करीबी सहयोगियों में गिने जाने लगे।

बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ ने भवानीपुर विधानसभा चुनाव के दौरान सुवेंदु अधिकारी के चुनाव अभियान की अहम जिम्मेदारी संभाली थी। उनकी मां हाशी रथ भी पहले टीएमसी से जुड़ी थीं और बाद में भाजपा में शामिल हो गई थीं।

घटना के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने इसे राजनीतिक हत्या बताते हुए केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने की मांग की है।

Share