सिंहस्थ-2028 के लिए तोड़ेंगे CM का पैतृक घर: बड़ी बहन का मकान भी हटाएंगे: कलावती यादव बोलीं- क्षेत्र के सभी लोग परिवार की तरह

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से हो रहा है। खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना और गणेश चौक तक 730 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा।
इसके बीच में 272 मकान आ रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पैतृक मकान, उनकी बड़ी बहन और नगर निगम सभापति कलावती यादव का घर भी शामिल है।
नगर निगम ने सभी भवनों की नपती कर लाल निशान लगा दिए हैं। सीएम के परिजनों ने शहर के विकास के लिए प्रभावित हिस्सा हटाने पर सहमति दे दी है।
कब बना था मकान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह पैतृक मकान उनके परिवार की पुरानी यादों से जुड़ा है। उनके दादा रामचंद्र यादव ने 1974 में यह घर बनवाया था। यहीं उनके दोनों बेटों पूनमचंद्र और शंकरलाल यादव के परिवारों का बचपन बीता। पूनमचंद्र के पांच बच्चों में डॉ. मोहन यादव, नंदलाल, नारायण, ग्यारसी बाई और कलावती यादव शामिल हैं। वर्तमान में उनके चाचा शंकरलाल यादव के परिवार के सदस्य इसी मकान में रहते हैं। घर से परिवार की कई पीढ़ियों की यादें जुड़ी हैं।
सिंहस्थ के लिए शहर में बड़े स्तर पर चौड़ीकरण
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ गई है। शहर के करीब 62 प्रमुख मार्गों को चौड़ा करने की योजना पर काम जारी है। इसके साथ ही शिप्रा नदी के दोनों तटों पर लगभग 29 किलोमीटर लंबे घाट विकसित किए जाएंगे। सिंहस्थ से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स में शिलारखेड़ी-सेवरखेड़ी डैम और खान डायवर्शन भी शामिल हैं। इससे पहले कंठाल, तेलीवाड़ा और सराफा जैसे प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण किया जा चुका है।
प्रभावित भवनों की जानकारी जुटा रही नगर निगम
सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क की सीमा की नपती शुरू कर दी है। भवन निरीक्षक शिवम गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने प्रभावित हिस्सों पर मार्किंग की। साथ ही जद में आने वाले भवनों का रिकॉर्ड और जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई होगी।
सीएम की बहन बोली हमारा भी पैतृक घर जा रहा
नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। शहर की करीब 62 सड़कों के चौड़ीकरण के साथ शिप्रा नदी के दोनों किनारों पर घाटों का विकास, शिलारखेड़ी-सेवरखेड़ी डैम समेत कई परियोजनाएं चल रही हैं।
क्षेत्र के सभी लोग परिवार की तरह
उन्होंने बताया कि खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण में उनका पैतृक मकान भी प्रभावित हो रहा है। कलावती यादव ने कहा कि क्षेत्र के सभी लोग परिवार की तरह हैं। प्रभावित नागरिकों की समस्याओं पर अधिकारियों से चर्चा कर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।