धार में शराब पीने के बाद युवक की मौत: पीएम रिपोर्ट में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ब्लीडिंग सामने आई; ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे

धार। दिग्ठान चौकी क्षेत्र के ग्राम रतवा में 30 वर्षीय नवीन चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार नवीन की मौत गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ब्लीडिंग यानी पेट और आंत से अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई। पोस्टमार्टम के आधार पर फिलहाल मौत का संबंध जहरीली शराब से सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस ने विस्तृत जांच के लिए मृतक का विसरा और ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा है। इनकी रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
शराब पीने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
नवीन चौधरी अपने मामा के यहां ग्राम माचल गया था। वहां से लौटते समय उसने रास्ते में शराब का सेवन किया था। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे धार के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। मौत के बाद क्षेत्र में जहरीली शराब की आशंका जताई गई थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी भी शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे थे।
पीएम में अल्सर फटने और रक्तस्राव के संकेत
मामले की गंभीरता को देखते हुए सागौर पुलिस की टीम ने धार पहुंचकर डॉक्टरों से जानकारी ली। पुलिस के अनुसार मौत से पहले नवीन को उल्टियां हो रही थीं। जिला अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम में अल्सर फटने और अत्यधिक रक्तस्राव के संकेत मिले हैं।
चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार पेट या छोटी आंत के ऊपरी हिस्से में अल्सर होने पर रक्तस्राव हो सकता है। इसके अलावा लीवर की गंभीर बीमारी की स्थिति में भोजन नली की नसों में सूजन आने और उनके फटने से भी अत्यधिक रक्तस्राव हो सकता है।
विसरा और ब्लड रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
पुलिस ने एहतियातन मृतक के विसरा और रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। अभी तक जहरीली शराब से जुड़ा कोई मामला सामने नहीं आया है।
इनका कहना है
प्रकाश सरोदे, थाना प्रभारी, सागौर:
युवक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। मौत के बाद जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में नवीन की मौत गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल रक्तस्राव के कारण होने की पुष्टि हुई है। विस्तृत जांच के लिए विसरा और ब्लड सैंपल भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आना बाकी है। अभी तक क्षेत्र में जहरीली शराब से जुड़ा कोई प्रकरण सामने नहीं आया है। अवैध शराब के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
संजय जोशी, आरएमओ, धार:
युवक का पोस्टमार्टम किया गया था और रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है। जांच के लिए विसरा सैंपल भेजा गया है। पोस्टमार्टम के आधार पर मामला जहरीली शराब का नहीं है।