| | | | | |

SR ग्रुप करेगा होटल इंडस्ट्री में 1 हजार करोड़ का निवेश, इंदौर में 3 बड़े लग्जरी 5 स्टार होटल के लिए मैरियट इंटरनेशल के साथ किया एमओयू; MP को मिलेगा पहला JW मैरियट

इंदौर में 5 स्टार होटलों के आने का सिलसिला लगातार जारी है, शहर में अब एक साथ तीन इंटरनेशनल 5 स्टार होटल दस्तक देने जा रहे हैं। होटल कंपनी मैरियट इंटरनेशनल ने आज इंदौर के उद्योगपति व समाजसेवी सूरज रजक की कंपनी एसआर ग्रुप के साथ एक एमओयू साइन किया है। इसके तहत इंदौर में जेडब्ल्यू मैरियट, कोर्टयार्ड मैरियट और फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन होटल का निर्माण किया जाएगा। ये तीनों ही होटल 12.5 एकड़ जगह में तैयार किए जाएंगे। जेडब्ल्यू मैरियट को इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर 3.5 एकड़ जमीन पर, कोर्टयार्ड मैरियट को पीथमपुर में 4 एकड़ जमीन पर और फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन को इंदौर के अरविंदो के पास 5 एकड़ जमीन पर डेवलप किया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि मध्य प्रदेश के इतिहास में पहली बार इंदौर में जेडब्ल्यू मैरियट दस्तक देने जा रहा है।

उद्योगपति सूरज रजक ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार की व्यवसाय और औद्योगिक नीतियों के कारण विदेश की कंपनियां मप्र में रूची दिखा रही है। सीएम मोहन यादव के प्रयासों से मप्र इंटरनेशनल कंपनियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। तीनों होटलों के निर्माण में 1 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। इसमें 400 करोड़ की लैंड कॉस्ट अलग से है। ये तीनों ही ब्रांड भारत के तेजी से बढ़ते शहरों में अपने बड़े होटल खोलना चाहते हैं, और ये होटल इसी कोशिश का हिस्सा हैं। उद्योगपति सूरज रजक ने बताया कि ये होटल लोगों को लग्जरी, आराम और शानदार माहौल देंगे। यहां अच्छे कमरे और बड़े इवेंट हॉल की जरूरत भी पूरी होगी। जेडब्ल्यू मैरियट इंदौर, अपनी शानदार बनावट, बेहतरीन सर्विस और मजेदार अनुभवों के लिए जाना जाएगा। कोर्टयार्ड मैरियट पीथमपुर, देश-विदेश से आने वाले लोगों और स्थानीय मेहमानों को लग्जरी होटल के साथ-साथ बिजनेस से जुड़ी अच्छी सुविधाएं भी देगा। वहीं फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन इंदौर में बेहतरीन सर्विस और स्टे के लिए जाना जाएगा। एमओयू साइन के दौरान एसआर ग्रुप के चैयरमेन सूरज रजक, मैरियट इंडिया की डॉयरेक्टर ऑफ डेवलपमेंट जूही रॉय, वाइस प्रेसिडेंट डेवलपमेंट अन्नथ अय्यर और डायरेक्टर ऑपरेश्न किरण मौजूद थी।

जेडब्ल्यू मैरियट: इंदौर में मध्य प्रदेश का पहला होटल

मैरियट इंटरनेशनल के स्वामित्व वाला जेडब्ल्यू मैरियट एक प्रसिद्ध अमेरिकी लग्जरी होटल ब्रांड है, जो दुनिया भर में अपने शानदार आवास, बेहतरीन डाइनिंग और उच्च स्तर की मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है। इंदौर में बनने वाले होटल जेडब्ल्यू मैरियट में 250 कमरे और सुइट्स होंगे। इंदौर में बनने वाला जेडब्ल्यू मैरियट मध्य प्रदेश का पहला होटल है, यह तीन साल में बनकर तैयार हो जाएगा। होटल में अलग-अलग तरह के रेस्टोरेंट और खाने-पीने की जगहें होंगी। साथ ही, मीटिंग और बड़े कार्यक्रमों के लिए अलग से जगह भी होगी। यह होटल इस तरह बनाया जाएगा कि यहां बिजनेस करने वाले लोग और घूमने आए लोग दोनों आराम से रह सकें। यहां स्पा, जिम, स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। बच्चों, युवाओं और बड़ों के लिए खेलने और मनोरंजन की खास जगहें भी होंगी।

कोर्टयार्ड मैरियट: पीथमपुर का पहला 5 स्टार होटल

पीथमपुर में बनने वाला यह पहला 5 स्टार होटल है। इस होटल में एयरकंडीशन्ड ऑडिटोरियम भी रहेगा, जिसमें लगभग 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। कोर्टयार्ड मैरियट में 250 कमरे और सुइट्स होंगे। होटल में पांच अलग-अलग तरह के रेस्टोरेंट और खाने-पीने की जगहें होंगी। इसमें एक बॉलरूम भी होगा। यह होटल मूलतः कमर्शियल रहेगा, जिससे पीथमपुर में बिजनेस करने वाले लोगों को ज्यादा फायदा मिलेगा। पीथमपुर के औद्योगिक घरानों की डिपेंडेंसी इंदौर के होटलों पर कम हो जाएगी। यहां स्पा, जिम, स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। बच्चों, युवाओं और बड़ों के लिए खेलने और मनोरंजन की खास जगहें भी होंगी।

फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन

इंदौर में बनने वाले होटल फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन में 150 कमरे और सुइट्स रहेंगे। यह होटल एक सामान्य 5 स्टार होटल रहेगा। इसमें बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधा मिलेगी। यह होटल मैरियट इंटरनेशनल का एक लोकप्रिय और जाना-माना ग्लोबल होटल ब्रांड है, जो मुख्य रूप से व्यावसायिक यात्रियों के लिए डिज़ाइन किया गया है। इंदौर में आ रहे इस होटल में कंपनी का इन-हाउस रेस्टोरेंट ‘द ईटरी’ भी रहेगा, जहां पर स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन मिलेंगे।

Share