देवास के हाटपिपल्या में कुएं में डूबने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत: जूते-कपड़े बाहर मिले; पुलिस जांच में जुटी

देवास। जिले के हाटपिपल्या थाना क्षेत्र के ग्राम गुरिया पितावली में कुएं में डूबने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान रतनलाल पिता धन्नालाल निवासी गुरिया के रूप में हुई है। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रतनलाल घर से निकले थे। बाद में उनके जूते और कपड़े कुएं के बाहर पड़े मिले। परिजनों को आशंका हुई तो उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस और 100 डायल को सूचना दी।
15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद शव निकाला
सूचना मिलते ही पुलिस के साथ देवास सिविल डिफेंस/NDRF की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कुएं में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद बुजुर्ग का शव कुएं से बाहर निकाला गया।
इसके बाद ग्राम पंचायत पितावली के सरपंच अजयपाल सिंह सेंधव और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को नगर परिषद हाटपिपल्या के शव वाहन से सिविल अस्पताल लाया गया।
पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया है। पोस्टमार्टम अगले दिन सुबह किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।