| | |

इंदौर में सड़क पर QR रखकर व्यापारियों का विरोध: पेट्रोल पंप संचालकों ने लिया UPI पेमेंट; बोले-ग्राहकों की सुविधा के लिए जरूरी

इंदौर। UPI से 2000 रुपए से अधिक के चुनिंदा भुगतान पर MDR (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) लगाने के प्रस्ताव के खिलाफ इंदौर के व्यापारियों में भारी नाराजगी है। इसके विरोध में आज 23 सितंबर को शहर में ‘नो यूपीआई पेमेंट डे’ मनाया जा रहा है।

शहर के प्रमुख बाजारों – राजवाड़ा, सियागंज, क्लॉथ मार्केट, बर्तन बाजार सहित कई जगहों पर व्यापारियों ने अपनी दुकानों पर लगे UPI QR कोड पर काले कपड़े ढक दिए हैं।

व्यापारी ग्राहकों से नकद भुगतान करने की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर UPI पर चार्ज लगेगा तो इसका सीधा असर छोटे व्यापारियों और ग्राहकों पर पड़ेगा, जो डिजिटल इंडिया के लक्ष्य के खिलाफ है।

देखिए विरोध की तस्वीरें…

1. सूचना बोर्ड लगाकर ग्राहकों से अपील की। 

2. व्यापरियों ने स्कैनर रखकर विरोध किया । 

3. क्यूआर को काले कपड़े से ढका 

काले कपड़े से ढककर यूपीआई मर्चेंट शुल्क का विरोध
राजबाड़ा क्षेत्र में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में उपयोग होने वाले यूपीआई बारकोड बॉक्स सड़क पर एक साथ रखे और उन्हें काले कपड़े से ढककर यूपीआई मर्चेंट शुल्क का विरोध जताया। व्यापारियों का कहना है कि उनका विरोध डिजिटल भुगतान व्यवस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रस्तावित मर्चेंट शुल्क को लेकर है।

सामूहिक रूप से आपत्ति दर्ज कराई
एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय जैन ने बताया कि कम मार्जिन पर कारोबार करने वाले छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए अतिरिक्त शुल्क भी महत्वपूर्ण लागत बन सकता है। प्रदर्शन के माध्यम से व्यापारियों ने सरकार और संबंधित संस्थाओं तक अपनी चिंता पहुंचाने का प्रयास किया। आयोजन में व्यापारियों ने सामूहिक रूप से आपत्ति दर्ज कराई।

पेट्रोल पंप संचालकों ने विरोध से किया इनकार
वहीं इस पूरे विरोध प्रदर्शन से इंदौर के पेट्रोल पंप संचालकों ने खुद को अलग कर लिया है। पेट्रोल पंपों पर आज भी UPI से भुगतान लिया जाएगा। पैट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र वासु ने कहा कि पेट्रोल पंप पर मार्जिन पहले से ही कम है और ग्राहकों को असुविधा न हो, इसलिए UPI सेवा जारी रखना जरूरी है।

Share