धार जिला अस्पताल में नेशनल टेस्ट शुरू: तीन दिन तक व्यवस्थाओं की होगी जांच; मानकों पर खरा उतरा तो 30 लाख का पुरस्कार

धार। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं और स्वच्छता की गुणवत्ता परखने के लिए बुधवार से नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) का केंद्रीय मूल्यांकन शुरू हो गया। केंद्रीय टीम तीन दिनों तक अस्पताल में रहकर अलग-अलग विभागों की व्यवस्थाएं, मरीजों को मिल रही सुविधाएं, रिकॉर्ड और स्वच्छता व्यवस्था की जांच करेगी। निर्धारित मानकों पर अस्पताल के खरा उतरने पर एनक्यूएएस सर्टिफाइड पहचान बरकरार रहने के साथ मरीजों की सुविधाओं के विस्तार के लिए 30 लाख रुपए का विशेष बजट पुरस्कार मिलने की संभावना है।
केंद्रीय टीम ने पहले दिन इन विभागों का किया निरीक्षण
मूल्यांकन के लिए केंद्रीय टीम में डॉ. विशाल जायसवाल, डॉ. ज्योति सिमलोट और डॉ. समीक्षा शर्मा शामिल हैं। टीम ने बुधवार को अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. अनिता सिंगारे, सिविल सर्जन डॉ. मुकुंद बर्मन, आरएमओ डॉ. संजय जोशी और सह प्रबंधक द्वारकाधीश भावसार मौजूद रहे। पहले दिन एनआरसी कक्ष, पीआईसीयू, चिल्ड्रन वार्ड, इमरजेंसी और आईसीयू की व्यवस्थाएं देखी गईं। टीम ने संबंधित दस्तावेजों की जांच के साथ मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।
पीपीटी के जरिए सालभर का रिकॉर्ड दिखाया
मूल्यांकन की शुरुआत अस्पताल प्रबंधन की ओर से पीपीटी प्रस्तुति के साथ हुई। इसमें पूरे वर्ष के आंकड़े, उपलब्धियां और अस्पताल की सेवाओं में किए गए बदलावों की जानकारी टीम के सामने रखी गई। मरीजों की सुविधाओं के लिए किए गए कार्यों से संबंधित फोटो और वीडियो भी प्रस्तुत किए गए। इसके बाद टीम के सदस्यों ने अलग-अलग वार्डों में पहुंचकर मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
स्टाफ से पूछे व्यवस्थाओं और सेवाओं से जुड़े सवाल
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने अस्पताल के स्टाफ से संसाधनों, व्यवस्थाओं और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में सवाल-जवाब किए। दस्तावेजों में दर्ज जानकारी और मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं का मिलान भी किया गया। टीम स्वच्छता, संसाधनों के रखरखाव, मरीजों की सुविधाओं और एनक्यूएएस के अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर अस्पताल का मूल्यांकन कर रही है। अगले दो दिनों में अस्पताल के अन्य विभागों का निरीक्षण कर मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।