इंदौर की दिविना धूपर ने अजमेर में जीते दो खिताब: अंडर-12 और अंडर-14 में बनीं चैंपियन

इंदौर। इंदौर की प्रतिभाशाली युवा टेनिस खिलाड़ी दिविना धूपर ने अजमेर में आयोजित ऑल इंडिया चैंपियनशिप सीरीज टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-12 और अंडर-14 दोनों वर्गों का खिताब जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। अजमेर स्थित लव ऑल टेनिस एकेडमी में आयोजित टूर्नामेंट में दिविना ने दोनों आयु वर्गों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार मुकाबले जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
अंडर-12 फाइनल में पुणे की भार्गवी को हराया
अंडर-12 वर्ग के फाइनल में दिविना ने पुणे (महाराष्ट्र) की भार्गवी भोसले को सीधे सेटों में 7-6, 6-3 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले सेमीफाइनल में दिविना ने गुजरात की अलीषा राणा को 7-5, 7-5 से पराजित कर अंतिम मुकाबले में जगह बनाई।
अंडर-14 वर्ग में भी बनीं चैंपियन
अंडर-14 वर्ग में भी दिविना का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। खिताबी मुकाबले में उन्होंने मध्य प्रदेश की ही सम्भवी सिंह को आसानी से 6-1, 6-3 से मात देकर दूसरा खिताब अपने नाम किया। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में दिवानी ने राजस्थान की हृषिका गुनावत को 7-5, 6-1 से तथा सेमीफाइनल में राजस्थान की सर्विका गौर को 6-1, 6-3 से हराया। दिविना की इस उपलब्धि पर म.प्र. टेनिस संघ के अध्यक्ष अनील महाजन, सचिव अनिल धूपर एवं संघ के समस्त पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं।