रीवा में पति ने की पत्नी-बेटी की हत्या: मूसल से किया हमला; भाई ने कहा- मानसिक स्थिति ठीक नहीं

रीवा। बिछिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटी की मूसल से हत्या कर दी। मृतकों की पहचान सुनैना मिश्रा और उनकी बेटी खुशी मिश्रा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी रविशंकर मिश्रा को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की। इसके बाद अपने भाई को फोन पर सारी बात बताई। इसके बाद आरोपी ने अपनी बेटी को भी मार दिया।
आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं
घटना रात एक बजे की है। आरोपी ने पत्नी को मारने के बाद भाई को फोन लगाया था। इसके बाद अपनी बेटी को भी मार दिया। भाई के अनुसार रविशंकर जमीन से जुड़े विवाद को लेकर परेशान रहता था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही होगा।
आरोपी की छह बेटियां हैं
जानकारी के मुताबिक आरोपी की छह बेटियां हैं। इनमें तीन बेटियों की शादी भोपाल में हो चुकी है, एक बेटी मऊगंज के देवतालाब में विवाहित है, जबकि एक बेटी रीवा में कुंवारी थी, जिसकी इस वारदात में मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
हत्या की सूचना मिलते ही रीवा एसपी डॉ. गुरकरन सिंह सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।