| | |

पीथमपुर में मित्तल कंपनी में विस्फोट: 3 घायल, दो गंभीर; नाइट्रोजन गैस रिसीवर टैंक का निचला हिस्सा फटा

पीथमपुर। धार जिले के पीथमपुर सेक्टर-3 स्थित इंडोरामा क्षेत्र की मित्तल कंपनी में सोमवार सुबह करीब 11 बजे अचानक तेज विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री परिसर में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मित्तल कंपनी में मेटल के सिक्के बनाने का काम होता है। कंपनी परिसर में लगे नाइट्रोजन गैस के रिसीवर टैंक का निचला हिस्सा अचानक फट गया। हादसे में वहां काम कर रहे तीन मजदूर घायल हो गए।

दो मजदूरों की हालत नाजुक
हादसे के बाद स्थानीय कर्मचारियों और राहत दल की मदद से घायलों को फैक्ट्री से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल उपचार के लिए श्रीनाथ प्राइवेट हॉस्पिटल भेजा गया। बताया जा रहा है कि तीन घायलों में से दो की हालत गंभीर है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस-प्रशासन और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची
विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस बल, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य चलाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल फैक्ट्री में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

तकनीकी विशेषज्ञ कर रहे जांच
हादसा किस वजह से हुआ, इसे लेकर फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। प्रशासनिक अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ घटना की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर हादसे के कारण और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होगी।

Share