उज्जैन में करोड़ों के सोलर टेंडर का सपना दिखाकर 73 लाख ठगे: पुलिस ने दिल्ली से आरोपी को पकड़ा; 7 दिन की रिमांड

उज्जैन। करोड़ों रुपए का सरकारी सोलर टेंडर दिलाने का झांसा देकर 73 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में माधवनगर पुलिस ने फरार आरोपी फैय्याज चिकोड़े को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मेघालय सरकार का 19.68 करोड़ रुपए का सोलर स्ट्रीट लाइट और पोल सप्लाई का टेंडर दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को 11 सितंबर को गिरफ्तार कर 12 सितंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब ठगी की रकम, पूरे नेटवर्क और फरार आरोपी से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है।
रिश्तेदार के जरिए हुई थी पहचान
मामले की शुरुआत इंदौर निवासी जितेंद्र सिंह सोलंकी की शिकायत से हुई। उन्होंने 15 मई 2025 को माधवनगर थाने में आवेदन दिया था। शिकायत के मुताबिक, जून 2024 में एक रिश्तेदार के जरिए उनकी पहचान हरपाल सिंह चौहान उर्फ संजय से हुई थी। हरपाल ने मेघालय सरकार के 19.68 करोड़ रुपए के सोलर प्रोजेक्ट में निवेश कर 70 फीसदी मुनाफा दिलाने का लालच दिया। इसके बदले 10 फीसदी कंसल्टेंसी फीस मांगी गई। भरोसे में आकर फरियादी ने जुलाई-अगस्त 2024 के दौरान गोल्डफिंच कंपनी और फैय्याज चिकोड़े के खातों में अलग-अलग किस्तों में 28 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
दिल्ली के ऑफिस में दिए 45 लाख रुपए नकद
टेंडर दिलाने का भरोसा देकर आरोपियों ने फरियादी से और रकम मांगी। इसके बाद 13 अक्टूबर 2024 को दिल्ली के एक ऑफिस में हरपाल सिंह के जरिए अभय प्रकाश और फैय्याज चिकोड़े को 45 लाख रुपए नकद दिए गए। पहले ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए 28 लाख रुपए मिलाकर फरियादी ने कुल 73 लाख रुपए आरोपियों को दिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने वर्क ऑर्डर मिलने का दावा किया, लेकिन बाद में गोल्डफिंच कंपनी ने सामग्री सप्लाई करने से हाथ खड़े कर दिए। फरियादी ने रकम वापस मांगी, लेकिन करीब नौ माह तक रुपए वापस नहीं किए गए। शिकायत में अन्य लोगों से भी इसी तरह रकम लेने का आरोप लगाया गया है।
जांच में पांच लोगों के नाम सामने आए
जांच के बाद पुलिस ने उज्जैन, रतलाम और दिल्ली से जुड़े हरपाल सिंह उर्फ संजय, हितेंद्र राणावत, पवन राव, फैय्याज चिकोड़े और KSF ग्रुप इंडिया लिमिटेड के निदेशक अभय प्रकाश के खिलाफ BNS की धाराओं में केस दर्ज किया था।
चार आरोपी गिरफ्तार, अभय प्रकाश अब भी फरार
माधवनगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया के मुताबिक, मामले में हरपाल सिंह उर्फ संजय सिंह चौहान, हितेंद्र सिंह राणावत और पवन राव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब फैय्याज चिकोड़े की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है। वहीं KSF ग्रुप इंडिया लिमिटेड के निदेशक अभय प्रकाश अभी फरार है।
पुलिस फैय्याज से रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है। पूछताछ में ठगी की रकम कहां गई, किस-किस व्यक्ति की इसमें भूमिका थी और फरार आरोपी अभय प्रकाश से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। फरियादी जितेंद्र सिंह ने कार्रवाई पर संतोष जताते हुए एसपी प्रदीप शर्मा, थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया और जांच टीम को बधाई दी।