पीथमपुर पहुंचीं राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार: शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त किया; जनसमस्याओं पर भी किया चर्चा

पीथमपुर। औद्योगिक नगरी के समीप स्थित ग्राम पंचायत बंजारी में राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार का एक दिवसीय प्रवास कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ संपन्न हुआ। अपने इस दौरे के दौरान सांसद पाटीदार ने क्षेत्र के विभिन्न शोकाकुल परिवारों के निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवारों को ढांढस बंधाया और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
स्व. रामाधार ठाकुर और महेंद्र पाटीदार के घर पहुंचीं सांसद
अपने दौरे के क्रम में सांसद कविता पाटीदार सबसे पहले स्व. रामाधार ठाकुर एवं अनिल ठाकुर के निवास स्थान पर पहुंचीं, जहाँ उन्होंने उनके पिता के निधन पर परिजनों को सांत्वना दी। इसके पश्चात, वे महेंद्र पाटीदार के निवास पर भी गईं और उनकी माताजी के आकस्मिक देहावसान पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पूरे परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की बात कही। स्थानीय नागरिकों ने सांसद के इस संवेदनशील रवैये और उनके दुख में शामिल होने की सराहना की।
कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और जनसमस्याओं पर चर्चा
शोक संवेदना व्यक्त करने के उपरांत सांसद कविता पाटीदार ने स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की। इस दौरान गांव की विभिन्न स्थानीय समस्याओं, बुनियादी जरूरतों और विकास संबंधी अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर और विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की कुछ प्रमुख समस्याओं से उन्हें अवगत कराया, जिस पर सांसद ने उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
गणमान्य नागरिकों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण दौरे के अवसर पर बंजारी की भाजपा सरपंच कुसुम भग्गू जमरे, मऊगांव मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र घोसी, समाजसेवी धनंजय सिंह, रूबाब अनवर मेहर, संग्राम सिंह राजे भोसले, अनिल ठाकुर, प्रवीण पाण्डेय, मिट्ठू सूर्यवंशी, दिनेश जोशी, उबैद मेहर, जगदीश सूर्यवंशी, सुनील चौधरी, खोबा सिंह और चंद्रेश यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता एवं ग्रामीण प्रमुख रूप से मौजूद रहे।