रीवा में गल्ला व्यापारी को गोली मारने का CCTV: पहले रास्ता पूछा फिर की फायरिंग; आंख-कान के बीच लगी है बुलेट

रीवा। मनगवां में गल्ला व्यापारी संदीप गुप्ता को दो नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी। घटना मंगलवार रात की है जो सीसीटीवी में कैद हो गई है। गोली लगने के बाद घायल व्यापारी को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उसका इलाज किया जा रहा है।
घटना मंगलवार रात 10.30 बजे की है। संदीप गुप्ता बस्ती के चबूतरे पर बैठे थे। इस दौरान दो नकाबपोश युवक पहुंचे। हनुमंता जाने का रास्ता पूछा। संदीप उनके सवाल का जवाब दे ही रहा था तभी एक बदमाश ने बैग से पिस्टल निकाली और गोली उनके सिर पर मार दी।
आंख और कान के बीच लगी गोली
गोली संदीप गुप्ता की आंख और कान के बीच लगने से वह घायल होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में संदीप गुप्ता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। परिजन संतोष कुमार गुप्ता ने बताया- गोली आंख और कान के बीच से लगी है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

फरार बदमाश जल्द होंगे गिरफ्तार
एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि पुलिस की टीम गठित की जा रही है। फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।पुलिस हमले के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।