आरसीबी ने छत्तीसगढ़ी अंदाज में स्वागत का वीडियो किया शेयर, 50 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा

आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम के छत्तीसगढ़ पहुंचने पर पारंपरिक अंदाज में हुए स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। आरसीबी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर यह वीडियो साझा किया, जिसे अब तक 50 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं।

रायपुर पहुंचने पर आरसीबी खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पारंपरिक तिलक, आरती और लोकनृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया। टीम के खिलाड़ियों ने लोककलाकारों के प्रदर्शन और पारंपरिक संगीत में खास रुचि दिखाई। कई खिलाड़ी इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड करते भी नजर आए।

टीम के ठहरने के लिए रायपुर स्थित रिसॉर्ट में विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जहां खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय खानपान के बारे में जानकारी दी गई। खिलाड़ियों को प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों से भी परिचित कराया गया, जिसकी उन्होंने खुलकर सराहना की।

गौरतलब है कि आरसीबी आज रविवार को रायपुर में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबला खेलने उतरेगी। इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

वहीं, खबर है कि मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी भी मैच देखने रायपुर पहुंच सकते हैं। इसके अलावा 13 मई को आरसीबी और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मुकाबले के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के भी रायपुर आने की संभावना जताई जा रही है।

खिलाड़ियों के पारंपरिक स्वागत ने न केवल आईपीएल के माहौल को खास बनाया, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला और मेहमाननवाज़ी को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

Share

Similar Posts