पीएम मोदी आज गुजरात को 9,700 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर रहेंगे, जहां वे नर्मदा ज़िले के डेडियापाड़ा में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री राज्य को 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिनमें कई महत्वपूर्ण उद्घाटन और शिलान्यास शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, ये परियोजनाएँ गुजरात के जनजातीय समुदायों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। इनमें ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में बुनियादी ढांचे के सुधार, स्वास्थ्य सुविधाओं, आवास निर्माण और सड़क संपर्क बढ़ाने को प्राथमिकता दी गई है। प्रधानमंत्री पीएम जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-Janman) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत निर्मित एक लाख घरों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 748 किलोमीटर नई ग्रामीण सड़कों की आधारशिला रखेंगे। साथ ही, जनजातीय क्षेत्रों में सामुदायिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 14 जनजातीय बहु-विपणन केंद्रों की भी स्थापना की जाएगी। सरकार के अनुसार, इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह सूरत में निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। वे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। यह परियोजना भारत के हाई-स्पीड कनेक्टिविटी के नए युग की शुरुआत मानी जा रही है। परियोजना के पूरा होने पर मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा समय लगभग दो घंटे तक कम हो जाएगा।






