इंदौर में आकाश विजयवर्गीय ने किया योग केंद्र- संस्कार भवन का लोकार्पण: कहा- बच्चों को संस्कारवान बनाए; सबके साथ जन्मदिन मनाया

इंदौर। रविवार 13 सितंबर को विधानसभा 1 के वार्ड 9 में 70 लाख की लागत से निर्मित योग केंद्र एवं संस्कार भवन का लोकार्पण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मार्गदर्शन में पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने किया।
कैलाश विजयवर्गीय ने विशेष रूप से क्षेत्र के छोटे बच्चों को सही उम्र से ही संस्कार मिले, वे गलत दिशा में न भटके और बचपन से ही संस्कार वान बने इस मंशा से क्षेत्र के बच्चों के लिए संस्कार भवन और सभी आयु वार्ड के लिए योग केंद्र की सौगात दी।
आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि संस्कार भवन इस क्षेत्र के बच्चों का जीवन बदल सकता है और बेहतर संस्कारों से निखरकर उनका जीवन उज्जवल बन सकता है।
संस्कार भवन और योग केंद्र क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात
आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि इस भवन के लिए पहले फंड की समस्या आ रही थी, लेकिन जब पार्षद राहुल ने मंत्री से बात की तो उन्होंने विशेष निधि से 63 लाख स्वीकृत करवाए। उसके बाद 7 लाख और मंजूर हुए। आज इस भवन को देखकर खुशी हो रही है कि लाखों रुपये से बहुत अच्छी सौगात क्षेत्रवासियों को मिली है।
सेहत को बेहतर बनाने के लिए किया योग केंद्र का निर्माण
इससे बच्चों को सही उम्र में संस्कार मिलेंगे और वे जीवन में सकारात्मक रूप से आगे बढ़ेंगे। इसके साथ ही सभी आयुवर्ग के लोग अपनी सेहत को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से योग कर सके, इसलिए योग केंद्र बनाया। क्योंकि योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, और स्वस्थ्य शरीर से सफलता प्राप्त होती है।
बच्चों को मोबाइल से दूर रख संस्कारवान बनाए
आकाश विजयवर्गीय ने इस संबंध में नंदा नगर का उदाहरण देकर बताया कि वहां पर एक दीदी ने रमेश मेंदोला से बच्चों को संस्कारित करने के लिए जगह मांगी तो उन्हें एक मंदिर के पास जगह दे दी गई। वहां पर वह दीदी आसपास के बच्चों को इकट्ठा कर शाम 7 से 8 बजे तक बच्चों को हनुमान चालीसा और दूसरी देव स्तुतियों का पाठ करवाती है। दो सालों से बच्चों को यह ज्ञान दिया जा रहा है।
बच्चे स्वेच्छा से उस संस्कारों की पाठशाला में आ रहे
पहले माता-पिता बच्चों को बड़ी मुश्किल से समझा-बुझा कर वहां भेजते थे। अब इसका असर यह हुआ कि जिन बच्चों को घर में कंट्रोल करना मुश्किल था वे बच्चे स्वेच्छा से उस संस्कारों की पाठशाला में आ रहे हैं। अब उन बच्चों को लोग जन्मदिन आदि शुभ प्रसंगों में देव आराधना के लिए बुलाते हैं।
सनातन संस्कृति के संस्कार देने की जिम्मेदारी ले
मेरा आपसे निवेदन है कि यदि इस नवनिर्मित संस्कार भवन में यहीं का कोई व्यक्ति बच्चों को सनातन संस्कृति के संस्कार देने की जिम्मेदारी ले तो बच्चों को इसका बड़ा फायदा होगा और उनके जीवन में चमत्कारिक परिवर्तन देखने को मिलेगा। आजकल लोग मोबाइल के आदि हो चुके हैं। मोबाइल हमारी सभी की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है इसलिए किसी को भी इसके लिए दोष नहीं दे सकते हैं।
सुचारु रूप से संचालन के लिए एक समिति बनाएं
उन्होंने कहा कि मोबाइल में यदि अच्छाईयां है तो उसमें बुराईयां भी है। इसलिए मेरा आपसे यही निवेदन है कि बच्चों की मोबाइल से दूरी बनाकर उनको संस्कारवान बनाएं। इस संस्कार केंद्र के सुचारु रूप से संचालन के लिए एक समिति बनाएं, जिससे यह सुव्यवस्थित तरिके से संचालित होता रहे। यहां पर सभी आयु वर्ग के लिए योग से लेकर बच्चों को संस्कारित करने की तक की गतिविधियों का संचालन होगा।
नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी
पार्षद राहुल जायसवाल ने इस अवसर पर वार्ड 9 में पूर्ण हो चुके और चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में MAVV स्कूल के बच्चों ने नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित एक नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी। साथ में स्कूल के बच्चों ने योग का प्रदर्शन कर योग से रोग निवारण का संदेश दिया।
हनुमानजी की स्तुतियों का पाठ किया
छोटे बच्चे रुद्रांश जायसवाल ने हनुमान रूप धारण कर हनुमानजी की स्तुतियों का पाठ किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और उपस्थित बच्चों ने बड़े उत्साह से आकाश विजयवर्गीय का केक काटकर जन्मदिन मनाया।