| | |

इंदौर में IDA के फ्लैट में हुआ 5 फीट का गड्ढा: धंस गया पलंग; दूसरे फ्लैट में ढहा बाथरूम

इंदौर। नगर निगम शहर की सड़कों के गड्ढे भरने में जुटा है, लेकिन सरकारी योजना के तहत मिले फ्लैट में ही कई फीट गहरा गड्ढा हो गया। रविवार रात को अचानक पलंग गड्ढे में धंस गया। हादसे के वक्त घर में बुजुर्ग और बच्चे भी मौजूद थे। गड्ढा 4 से 5 फीट गहरा है।

दरअसल, लंबे समय से झोपड़ियों में रह रहे परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं के तहत अलग-अलग स्थानों पर फ्लैट आवंटित किए थे। अब इन्हीं सरकारी फ्लैटों में गड्ढा होने से निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

किसी को चोट नहीं आई
योजना के तहत गांधीनगर क्षेत्र में भी फ्लैट दिए गए थे। रहवासी कन्हैया के ने बताया गया कि वह अपने परिवार के साथ कमरे में सो रहे थे। तभी पलंग हिलने लगा और जमीन अचानक से धस गई। पलंग पर बच्चे,पत्नी और वह खुद सो रहे थे।  फिलहाल किसी को चोट तो नहीं आई लेकिन जब पलंग हटा कर देखा तो नीचे 4 से 5 फीट का गड्ढा हो गया था।

दूसरे फ्लैट में ढहा बाथरूम 
इसी के साथ उनके फ्लैट के पास के एक और घर की जमीन के नीचे से भी आवाज आने लगी। जिसके बाद उन्होंने भी अपना कमरा खाली कर दिया है। उसके बाद उनके बाथरूम का कुछ हिस्सा अचानक से ढह गया। उनकी पत्नी गर्भवती है, इस घटना से वह चिंता में है।

प्रभारी महापौर ने लिया जायजा 
घटना के बाद फ्लैट मालिकों ने स्वयं के खर्च पर दोबारा स्लैब डलवाने का काम शुरू कर दिया है। घटना का वीडियो वायरल और रहवासियों द्वारा हंगामा करने के बाद प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर मौके पर पहुंचे और उन्होंने सभी फ्लैट का जायजा लिया।

पहले बस्ती में रहते थे
रहवासी कन्हैया ने बताया की घटना 9:30-10 बजे की है। नींद लगने के आधे घंटे बाद हम सब अचानक नीचे धंस गए। सरकार ने हमें यह मकान दिया था पहले हम बस्ती में रहते थे।

Share