पीथमपुर के कमल पाल ने किर्गिस्तान में लहराया तिरंगा; वर्ल्ड स्ट्रेंथलिफ्टिंग में जीते 2 गोल्ड; हैक लिफ्ट स्ट्रेंथलिफ्टिंग में किया शानदार प्रदर्शन

पीथमपुर। जयनगर कॉलोनी निवासी कमल किशोर पाल ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का परचम लहराते हुए ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। किर्गिस्तान में आयोजित ‘वर्ल्ड स्ट्रेंथलिफ्टिंग एवं इनक्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026’ में कमल किशोर ने अपनी बेहतरीन फिटनेस और सालों की कड़ी मेहनत के बल पर दो अलग-अलग स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया प्रदेश का नाम
प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने इनक्लाइन बेंच प्रेस और हैक लिफ्ट स्ट्रेंथलिफ्टिंग दोनों ही स्पर्धाओं में पहला स्थान प्राप्त कर 2 गोल्ड मेडल जीते। उनकी इस स्वर्णिम सफलता से पूरे प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
कमल किशोर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सभी क्षेत्रवासी खुश है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश पटेल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। सुरेश पटेल ने कहा कि कमल किशोर ने अपनी लगन और समर्पण के दम पर शहर का नाम दुनिया भर में चमकाया है, जो क्षेत्र के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनेगी।