| |

थांदला में गणेश प्रतिमा के अनावरण में उमड़ी भीड़: 20 मिनट तक हुई आतिशबाजी; महाराष्ट्र से आई ढोल पार्टी

थांदला। जिलेभर में गणेश स्थापना की धूम मची हुई है। जगह-जगह गणेश पांडाल सज गए हैं। इन पांडालों में गणेशजी की आकर्षक और भव्य प्रतिमा विराजित करने के लिए श्रद्धालु आतुर है।

प्रतिमा स्थापित करने के लिए इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह अपार दिख रहा है। रविवार की देर शाम रिमझिम बारिश के बीच जिलेभर के कई गणेश पांडालों में प्रतिमा का अनावरण किया गया।

प्रतिमा अनावरण में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पांडाल को आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया था। वही गणेश स्थापना के एक दिन पहले प्रतिमा का अनावरण किया गया। गणेश प्रतिमा का अनावरण देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं की भीड़ से पांडाल छोटा पड़ गया।

20 मिनट तक चली आतिशबाजी 
प्रतिमा अनावरण को भव्यता देने के लिए आयोजकों ने नागपुर की आतिशबाजी की जो लगभग 20 मिनट तक लगातार जारी रही। आयोजकों ने महाराष्ट्र का विशेष ढोल दल बुलवाया था। इस ढोल पार्टी में 60 युवा शामिल थे। महाराष्ट्र की इस ढोल पार्टी में नारी शक्ति भी ताल से ताल मिलाकर उत्साह पूर्वक ढोल बजाते हुए दिखी। अनुशासन और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के नारे लगाता हुए इस दल ने श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना कर दिया।

आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति दी
आयोजन में परंपरा का निर्वहन करते हुए आयोजकों ने आदिवासी नर्तक दल भी बुलवाया। यह नृतक दल परंपरागत परिधान पहने, परंपरागत वाद्य यंत्रों पर आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति दे रहा था। आदिवासी नर्तक दल की प्रस्तुति ने आयोजन स्थल का समा बांध दिया। प्रतिमा अनावरण समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी हुई। जिसे श्रद्धालुओं द्वारा काफी सराहा गया।

शोभायात्रा के रूप में नगर भ्रमण करवाया
प्रतिमा अनावरण के बाद शाही तरीके से गणेश प्रतिमा को शोभायात्रा के रूप में नगर भ्रमण करवाया गया। जगह-जगह नागरिकों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। नगर भ्रमण करने के बाद प्रतिमा को आयोजन स्थल पर लाया गया है। आगामी 10 दिनों तक यहां गणेश उत्सव की धूम रहेगी।

आयोजन का 27वां वर्ष
आपको बता दे की आयोजन का यह 27 वाँ वर्ष है। आयोजक मंडल में कुल 150 सदस्य हैं। जिनमें नारी शक्ति भी शामिल है। आने वाले 10 दिनों में यहां आस्था, संस्कृति और परंपरा के अलग-अलग रंग देखने को हमें मिलेंगे।

Share