314 किमी दूर पाकिस्तानी विमान मार गिराया: ऑपरेशन सिंदूर में दिखी S-400 की ताकत; रक्षा मंत्रालय बोला- दूरी से नहीं बच सकता दुश्मन

नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम ने 314 किमी दूर मौजूद पाकिस्तानी स्पेशल-मिशन विमान को निशाना बनाया था। रक्षा मंत्रालय की 2025-26 की सालाना रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। यह भारत की लंबी दूरी की जमीन से हवा में मार करने वाली बड़ी कार्रवाइयों में से एक थी।
S-400 सिस्टम ने पाकिस्तानी विमान की गतिविधि को ट्रैक किया। इसके बाद लंबी दूरी की जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल को लक्ष्य की ओर भेजा गया। इस कार्रवाई ने S-400 की लंबी दूरी की क्षमता को दिखाया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि किसी दुश्मन विमान का ज्यादा दूरी पर होना उसे भारतीय एयर डिफेंस से सुरक्षित नहीं रख सकता।
पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। इसके बाद भारत ने 7 से 10 मई 2025 के बीच ऑपरेशन सिंदूर चलाया। इस दौरान पाकिस्तान और PoK में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। भारतीय सेना ने मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल किया।
IACCS ने पूरे एयर डिफेंस को जोड़ा
ऑपरेशन के दौरान भारतीय वायुसेना ने IACCS यानी Integrated Air Command and Control System का इस्तेमाल किया। यह सिस्टम अलग-अलग सैन्य और नागरिक रडार से मिली जानकारी को एक जगह जोड़ता है। इससे आसमान में मौजूद विमानों और दूसरे लक्ष्यों की पहचान करने में मदद मिलती है।
एयरफोर्स के नेटवर्क और प्रशिक्षित कर्मचारियों ने सैन्य और नागरिक विमानों की पहचान अलग-अलग करने में मदद की। इससे किसी यात्री विमान को गलती से निशाना बनाने का खतरा कम हुआ। सैन्य कार्रवाई के दौरान भारत ने अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात की सुरक्षा का भी ध्यान रखा।
पाकिस्तान ने एयरस्पेस खुला रखा
रिपोर्ट में भारत ने पाकिस्तान पर एक गंभीर आरोप लगाया है। संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने अपना नागरिक एयरस्पेस बंद नहीं किया। इस दौरान वहां से सिविल फ्लाइट्स भी चलती रहीं। भारत का कहना है कि उसकी कार्रवाई का मकसद अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात को खतरे से बचाना था।
सैन्य ताकत के जरिए दबाव बनाने की रणनीति
रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में भारत की रणनीति को सैन्य ताकत के जरिए दबाव बनाने की नीति बताया गया है। सरल शब्दों में इसका मतलब है कि सैन्य ताकत का इस्तेमाल इस तरह किया जाए कि सामने वाला देश आगे की कार्रवाई रोकने के लिए मजबूर हो। भारतीय कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने तनाव कम करने और आगे की सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील की।