| | |

ओंकारेश्वर में पंचायतन मंदिर का शिलान्यास सम्पन्न: CM मोहन ने रखी आधारशिला; 45 पवित्र शिलाओं की हुई पूजा

ओंकारेश्वर। मांधाता पर्वत पर विकसित हो रहे एकात्म धाम में सुबह 6 बजे पंचायतन मंदिर के शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पत्नी के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मंदिर की आधारशिला रखी। इस दौरान षड्दर्शन संत मंडल के पूज्य संतों और विशेष अतिथि उपस्थित रहें।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ शिलापूजन
श्री वेंकटेश्वर वेद विज्ञान धर्मगिरि, आंध्र प्रदेश के प्राचार्य के.एस. अवधानी, दक्षिण श्री शारदा पीठम कर्नाटक और श्री श्री गुरुकुल के आचार्यों ने वैदिक अनुष्ठान के साथ पंचायतन मंदिर का शिलापूजन संपन्न कराया। मुख्यमंत्री, पूज्य संतों और जनप्रतिनिधियों ने 45 पवित्र शिलाओं का पूजन किया। इसके साथ ही मंदिर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई।

16 फीट ऊंचे अधिष्ठान पर बनेगा मंदिर
पंचायतन मंदिर का निर्माण 16 फीट ऊंचे आधारभूत अधिष्ठान यानी जगती पर किया जा रहा है। मंदिर के बाहरी ऊर्ध्वाधर वास्तु विन्यास को भद्र, कर्ण, प्रतिरथ, देवकोष्ठ और अलंकृत पट्टिकाओं के क्रमबद्ध संयोजन से सजाया जाएगा। मंदिर का निर्माण पारंपरिक नागर शैली में किया जा रहा है। यह शैली भारतीय स्थापत्य कला और सांस्कृतिक गरिमा का जीवंत प्रतीक मानी जाती है।

प्राचीन वास्तुकला और मूर्तिकला का दिखेगा स्वरूप
एकात्म धाम में विकसित हो रहा यह मंदिर धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ भारतीय प्राचीन वास्तुकला और मूर्तिकला को फिर से जीवंत करेगा। मंदिर के वास्तु विन्यास और शिल्प में पारंपरिक भारतीय स्थापत्य की विशेषताओं को शामिल किया जा रहा है।
Share