रक्षाबंधन पर हवाई जहाज के बराबर बस का किराया: स्पेशल ट्रेन की फर्स्ट AC में भी नहीं मिल रहे टिकट; सांसद-विधायक का कोटा नहीं आ रहा काम

मोक्षा तिवारी। इंदौर। रक्षाबंधन को सिर्फ दो दिन बचे हैं। घर जाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यात्री बढ़ने से इंदौर से एमपी के अन्य शहर जाने के लिए ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। कई लोग जुगाड़ से सांसद-विधायक का कोटा लगाने की कोशिश में जुटे रहे, लेकिन वो भी काम नहीं आ रहा।
बुधवार-गुरुवार को इंदौर से रीवा, ग्वालियर और जबलपुर जाने वाली कई ट्रेनों में जनरल, लेडीज और तत्काल कोटे की सीटें अवैलेबल नहीं हैं। ट्रेन में सीट ना मिलने के कारण लोग बस और फ्लाइट से घर जाने का विचार कर रहे हैं।
बस और फ्लाइट में सीट अवैलेबल है, लेकिन किराया सामान्य दिनों के मुताबिक दोगुना-तीगुना हो गया है। इतना ही नहीं अब प्राइवेट और टैक्सी गाड़ियों की तरफ भी लोग रुख करने लगे हैं।
इधर इंदौर रेलवे के PRO मुकेश कुमार पांडे ने बताया कि रक्षाबंधन पर 6 स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। त्योहार के कारण सामान्य ट्रेनों में वेटिंग ज्यादा है। रेल्वे ने टिकट के दाम नहीं बढ़ाए हैं। सामान्य दिनों में जो किराया रहता है अभी भी वही है।
रीवा के लिए सिर्फ एक ट्रेन, सीट नहीं
इंदौर-रीवा के लिए बुधवार को एक ट्रेन है। इसमें सीट उपलब्ध नहीं है। जनरल और लेडीज दोनों कोटे की यही स्थिति है। जबकि तत्काल में भी सीट नहीं मिल रही। 27 तारीख को इंदौर से रीवा के लिए कोई ट्रेन नहीं है। ऐसे में यात्रियों को लग्जरी बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। बसों के टिकट 2 हजार से 3 हजार तक पहुंच गई है। जबकि सामान्य दिनों में 1 हजार से 1200 रहता है।
ग्वालियर की ट्रेनों में भी भारी भीड़
बुधवार को इंदौर से ग्वालियर के लिए तीन ट्रेनें उज्जैनी एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस और रतलाम-ग्वालियर एक्सप्रेस चल रही हैं। उज्जैनी, रतलाम-ग्वालियर एक्सप्रेस में जनरल कोटे की एक भी सीट उपलब्ध नहीं है। लेडीज और तत्काल कोटे का भी यही हाल है।

गुरुवार को ग्वालियर के लिए 5 ट्रेन
गुरुवार को INDB UHL EXP और इंदौर-बरेली एक्सप्रेस समेत कुल पांच ट्रेनें चलेंगी। अधिकतर ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं है। मालवा एक्सप्रेस में कुछ एसी सीटें मौजूद हैं। इसमें फर्स्ट एसी का किराया 2470, सेकंड एसी 1485, थर्ड एसी 1065 और इकोनॉमी का 985 किराया है, जबकि स्लीपर की सीटें बुक हो चुकी हैं।
खबर में आगे बढ़ने से पहले देखें किराया..
बस का किराया पहले और अब:
शहर पहले अब
भोपाल 325 425
ग्वालियर 1000-1500 2500-3500
जबलपुर 1000 2000-2500
रीवा 945 2500-5000
(यह किराया 27 अगस्त का है। हर शहर के लिए अलग-अलग बस के हिसाब से अमाउंट कम-ज्यादा हो सकता है। )
हवाई जहाज का किराया पहले और अब:
शहर पहले अब
भोपाल 12000 12000
ग्वालियर 15000 22000
जबलपुर 6000 22000
रीवा 5000 8663
(यह किराया 27 अगस्त का है )
फर्स्ट AC का भी नहीं मिल रहा टिकट
उज्जैनी एक्सप्रेस में सेकंड एसी का किराया 1285, थर्ड एसी 985, इकोनॉमी 835 और स्लीपर 345 किराया है। रतलाम-ग्वालियर एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी 2150, सेकंड एसी 1300, थर्ड एसी 920, इकोनॉमी 845 और स्लीपर 345 किराया है। इंदौर-ऊना एक्सप्रेस का किराया भी इतना ही है। इंदौर-बरेली एक्सप्रेस में सेकंड एसी 1425, थर्ड एसी 1005 और स्लीपर 380 किराया है।

रतलाम रूट पर ज्यादा ट्रेनें, फिर भी सीटों की मारामारी
इंदौर से रतलाम के लिए बुधवार को 9 ट्रेनें हैं। गुरुवार को जनरल कोटे में 7 ट्रेनें उपलब्ध हैं। इनमे भी कुछ ही ट्रेनों में सीटें उपलब्ध हैं। इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस में थर्ड एसी का किराया 520 और स्लीपर का 150 रुपए है। DAUND EXP INDB एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी 1270, सेकंड एसी 770, थर्ड एसी 565 और स्लीपर 180 रुपए है।
शांति एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी का किराया 1190
वीरभूमि और शांति एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी 1190, सेकंड एसी 725, थर्ड एसी 520 और स्लीपर 150 रुपए तक टिकट उपलब्ध हैं। बीकानेर-रतलाम एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी 1190, सेकंड एसी 725, थर्ड एसी और इकोनॉमी 520 तथा स्लीपर का किराया 150 रुपए है।

जबलपुर की ट्रेनों में बुधवार को नो सीट
इंदौर से जबलपुर के लिए बुधवार को सिर्फ दो ट्रेनें हैं और दोनों में एक भी सीट उपलब्ध नहीं है। गुरुवार को भी दो ट्रेनें हैं। इंदौर-बिलासपुर एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी का किराया 2230, सेकंड एसी 1345, थर्ड एसी 955 और स्लीपर 360 रुपए है। इंदौर-जबलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी 2205, सेकंड एसी 1330 और थर्ड एसी 955 रुपए है। हालांकि इकोनॉमी और स्लीपर में टिकट उपलब्ध नहीं है।
स्पेशल ट्रेन भी फुल
भोपाल से रीवा के बीच चलाई जा रही स्पेशल ट्रेन की बुधवार को सभी टिकट बुक हो गई है। गुरुवार को जनरल में सेकंड एसी की 1680, थर्ड की 1210 और स्लीपर की 465 टिकट है। लेडीज कोटा में सारी सीट फुल हो गई है। प्रीमियम तत्काल और तत्काल की भी सभी सीटें बुक हो चुकी है। इंदौर से शहडोल जाने के लिए सिर्फ नर्मदा एक्सप्रेस ही सीधी ट्रेन है।

मजबूरी में तत्काल टिकट लेकर कर रहे सफर
यात्रियों का कहना है कि इसमें सामान्य टिकट मिलना मुश्किल होता है। जिसके कारण उन्हें मजबूरी में तत्काल टिकट लेना पड़ता है। दूसरी सीधी ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी होती है। एक ही ट्रेन में भीड़ होने से सफर के दौरान असुविधा होती है। यात्रियों ने रेलवे से इंदौर-शहडोल के बीच अतिरिक्त ट्रेन चलाने और नर्मदा एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त कोच लगाने की मांग की है।
स्लीपर बसों में टिकट 2 से 3 हजार
ट्रेन में सीट नहीं मिलने के कारण जबलपुर जाने वाली बसों का किराया भी बढ़ गया है। स्लीपर बसों में टिकट 2 हजार से 3 हजार है। एसी स्लीपर बसों का किराया 2500 से 3 हजार रुपए तक पहुंच गया है। लोअर सीट के लिए 2500 रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं। अधिकांश बसें आधे से ज्यादा भर चुकी हैं। सामही दिनों मे यह किराया 700-1000 के बीच रहता है।
बसों में भी बढ़ा किराया
इंदौर से ग्वालियर की इंटरसिटी बसों का किराया 2 से 3 हजार रुपए तक पहुंच गया है। भोपाल के लिए बस टिकट 500 से 1000 रुपए के बीच है। कटनी के लिए टिकट 2500 से 3 हजार रुपए तक मिल रहा है। रीवा के लिए भी बस टिकट 2 से 3 हजार रुपए तक है, जबकि इंटरसिटी बसों का किराया 2 हजार से 2500 तक पहुंच गया है। सामान्य दिनों में यह किराया 800-1000 के बीच रहता है।

जबलपुर की फ्लाइट 30 हजार के पार
राखी के कारण सभी फ्लाइट का किराया भी बढ़ गया है। गुरुवार को इंदौर से जबलपुर के लिए एयर इंडिया की 11 फ्लाइट उपलब्ध हैं। इसमें इकोनॉमी क्लास का किराया 22 हजार से 30 हजार रुपए तक है। इंडिगो की तेज फ्लाइट का किराया 26,960 रुपए है, जबकि एयर इंडिया की फ्लाइट का किराया 30,358 रुपए तक है। बिजनेस क्लास की सभी सीट फूल हो गई है। सामान्य दिनों में यह 5000 की मिल जाती है।
दोगुने दाम में मिल रहा टिकट
गुरुवार को इंदौर से ग्वालियर के लिए इंडिगो की इकोनॉमी क्लास का टिकट 27,233 रुपए तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य दिनों में यही टिकट 12 से 17 हजार में मिल जाता है। इस रूट पर बिजनेस क्लास की फ्लाइट उपलब्ध नहीं है। वहीं, इंदौर से रीवा के लिए इंडिगो का टिकट 7,298 रुपए है, जो सामान्य दिनों में 5 से 6 हजार में मिल जाता है।