|

रीवा में स्टोर पर मिले री-पैक किए खाद्य उत्पाद: फैक्ट्री में 5 क्विंटल मिठाई तैयार मिली; जांच के लिए सैंपल लिए

रीवा। मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने रीवा शहर में कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। टीम ने पैकेट वाले खाद्य उत्पादों से लेकर मिठाइयों तक की जांच की। जांच के दौरान पीली कोठी स्थित एक निजी स्टोर में पारले कंपनी के सिक्सर, जैफ्स और चीजलिंग के पैकेट मिले। विभाग के मुताबिक इन पैकेटों को खोलकर सतना की गुरु कृपा फूड्स के नाम से निर्माण और पैक किया जा रहा था। विभाग ने इसे भ्रामक जानकारी माना है। मामले में वीनस स्टोर और गुरु कृपा फूड्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।

छैना फैक्ट्री में 5 क्विंटल मिठाई मिली
खाद्य विभाग की टीम ने रतहरा बाईपास स्थित छैना फैक्ट्री की भी जांच की। यहां करीब 200 किलो छैना मिठाई दुकानों में सप्लाई के लिए तैयार मिली।वहीं फैक्ट्री में 5 क्विंटल मिठाई स्टोर मिली। टीम के अनुसार, मिठाई तैयार करने के दौरान रीठा का इस्तेमाल कर शक्कर की चाशनी साफ की जा रही थी। विभाग ने फैक्ट्री में तैयार और स्टोर की गई मिठाइयों की जांच की।

सिरमौर चौराहा स्थित राधा स्वामी स्वीट्स से खोवा बर्फी का नमूना लिया गया। शगुन स्वीट्स से मावा बर्फी, लड्डू और छैना मलाई के सैंपल लिए गए।खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी नमूनों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
विभाग के मुताबिक सभी खाद्य नमूनों की गुणवत्ता जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी के खिलाफ जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।

Share