इंदौर में तेज रफ्तार इनोवा ने 5 को कुचला: एक बुजुर्ग गंभीर घायल; एक घंटे एंबुलेंस लेट, डायल 112 ने अस्पताल पहुंचया

इंदौर। राऊ इलाके में बुधवार को तेज रफ्तार इनोवा ने चार दोपहिया वाहनों और एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा दोपहर करीब 12 बजे श्रमिक कॉलोनी के पास हुआ। तेज रफ्तार इनोवा ने पहले एक एक्टिवा को टक्कर मारी। इसके बाद तीन बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। फिर ट्रैक्टर से भी टक्कर हो गई।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसीपी निधि सक्सेना भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
एक घंटे बाद आई एंबुलेंस, डायल 112 से अस्पताल पहुंचे घायल
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार किया गया। करीब एक घंटे बाद एंबुलेंस पहुंची। तब तक पुलिस ने डायल 112 की मदद से घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस वाहन से सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है। एक बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस ने ड्राइवर को पकड़ा
राऊ पुलिस ने हादसे में शामिल इनोवा को जब्त कर लिया है। ड्राइवर को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय इनोवा की रफ्तार काफी तेज थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और ड्राइवर की भूमिका की जांच की जा रही है।