रीवा के GMH में महिला और नवजात की मौत: परिसर में धरने पर बैठे परिजन; डॉक्टर के खिलाफ FIR की मांग

रीवा। गांधी मेमोरियल अस्पताल में महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। परिजन अस्पताल परिसर में ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने गायनी वार्ड की डॉक्टर सोनम अग्रवाल पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मृतिका बैकुंठपुर क्षेत्र के हटवा गांव की रहने वाली बताई जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण पहले महिला की मौत हुई। इसके बाद उसके नवजात बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग जमा हो गए। परिजन मामले में जिम्मेदार डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
डॉक्टर के खिलाफ FIR की मांग
परिजनों ने गायनी डॉक्टर सोनम अग्रवाल के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। इसके साथ ही डॉक्टर को जल्द निलंबित करने को कहा है। परिजनों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
अस्पताल में पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांधी मेमोरियल अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा।