| |

इंदौर में सड़क पर 20 फीट गहरा गड्ढा: ड्रैनेज का पानी दिखा; पोकलेन आई, दिनभर खड़ी रही और लौट गई

इंदौर। जोन-12 के गाड़ी अड्डा स्थित हरिजन मोहल्ले में मंगलवार शाम अचानक सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। देखते ही देखते यहां 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया।

सड़क के अंदर से गुजर रही ड्रेनेज लाइन और उसमें बहता पानी भी दिखाई देने लगा। गनीमत रही कि सड़क धंसने के समय वहां कोई मौजूद नहीं था।

स्थानीय लोगों ने तुरंत आसपास के हिस्से को घेरकर लोगों का आना-जाना रोक दिया। फिर नगर निगम के अधिकारियों को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और लाइट लगवाई।

पोकलेन आई और लौट गई
घटना के 24 घंटे बाद भी सड़क का सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ। बुधवार को नगर निगम की ने पोकलेन मशीन भेजी थी। इसके बाद भी सड़क की खुदाई और सुधार का काम शुरू नहीं हुआ। मशीन दिनभर मौके पर खड़ी रही और शाम को वापस लौट गई।

स्थायी मरम्मत की मांग
रहवासियों का कहना है कि गड्ढा काफी गहरा है और आसपास लगातार लोगों का आना-जाना होता है। केवल बैरिकेडिंग लगाने से समस्या हल नहीं होगी। सड़क के नीचे की हालत की जांच कर अच्छी तरह से मरम्मत करना जरूरी है।

जोनल अधिकारी ने बताई ड्रेनेज लाइन की वजह
जोनल अधिकारी राहुल सूर्यवंशी के मुताबिक, सड़क के नीचे प्राइमरी ड्रेनेज लाइन गुजर रही है। लगातार बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकने की आशंका है। मिट्टी कमजोर होने के बाद सड़क का हिस्सा धंस गया होगा।

चैंबर बनाकर सुधार कार्य होगा
निगम के अनुसार, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कर दी गई है। सड़क के नीचे बड़ा चैंबर बनाकर जरूरी सुधार कार्य कराया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि गुरुवार से काम शुरू किया जाएगा।

जलभराव की समस्या पुरानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हरिजन मोहल्ले में जल निकासी की समस्या पुरानी है। बारिश के दौरान कई जगह पानी जमा हो जाता है। लंबे समय तक पानी जमा रहने और पानी रिसने से सड़क के नीचे की मिट्टी कमजोर हुई होगी, जिसके बाद सड़क का हिस्सा धंस गया।

सफाईकर्मियों के इलाके में ही बदहाल व्यवस्था
हरिजन मोहल्ले में नगर निगम के कर्मचारी और सफाईकर्मी बड़ी संख्या में रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जो कर्मचारी पूरे शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं, उनके ही इलाके में मूलभूत सुविधाओं की हालत खराब है। सड़क किनारे टूटे चैंबर, खुले गड्ढे और जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है।

बड़ा हादसा टला
सड़क धंसने के दौरान यदि कोई वाहन या पैदल राहगीर वहां से गुजर रहा होता तो गंभीर हादसा हो सकता था। 20 फीट गहरे गड्ढे के कारण खतरा और बढ़ गया है। फिलहाल बैरिकेडिंग लगाकर लोगों को गड्ढे के आसपास जाने से रोका जा रहा है।

Share