देवास की 2 दुकानों से 700 किलो एनालॉग मावा जब्त: गुजरात से हो रही सप्लाई; 600 किलो मिठाई सील

देवास। रक्षाबंधन पर नकली मावा और मिठाई की जांच के लिए कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग ने दुकानों पर कार्रवाई की। प्रतिबंधित एनालॉग मावे से बनी मिठाइयों के खिलाफ टीम ने दो बड़ी दुकानों पर छापा मारा।
शहर की 2 दुकानों से 700 किलो से ज्यादा एनालॉग मावा मिला है। पूछताछ में दुकानदारों ने बताया की यह मावा उन्हें गुजरात से सप्लाई किया गया था।
इन दुकानों पर हुई कार्रवाई
1. नयापुरा – अंकुर गुप्ता की दुकान
अंकुर गुप्ता द्वारा संचालित नयापुरा स्थित दुकान पर 220 किलो खाली एनालॉग मावे के पैक और 52 किलो भरे हुए मावे के पैक मिले, जिनसे मिठाई बनाई जा रही थी। पूरी मिठाई और मावे को दुकान के गोदाम में रखकर सील किया गया।

2. जोधपुर स्वीट्स का गोदाम
जोधपुर स्वीट्स के गोदाम में 600 किलो खाली एनालॉग मावे के बैग और 72 पैक भरे हुए मावे मिले। वहां 600 किलो मिठाई का भंडारण मिला था, जिसे भंडार गृह में रखकर सील किया गया।
क्या है एनालॉग मावा?
अधिकारी ने बताया -एनालॉग मावा हाइड्रोजनीकृत तेल से बना हुआ मावा है जिसे शासन ने प्रतिबंधित कर दिया है। मध्यप्रदेश उन 4 राज्यों में शामिल है जहां इस पर रोक है। इससे कई तरह के हेल्थ कंसर्न होने की आशंका है।
गुजरात से आ रहा था मावा
पूछताछ में दोनों दुकानदारों ने बताया कि एनालॉग मावे की सप्लाई उन्हें गुजरात से हो रही थी। तहसीलदार ने कहा कि राखी पर मिठाई की खपत ज्यादा होती है, इसलिए यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जिन प्रतिष्ठानों पर एनालॉग मावे के इनपुट मिलेंगे, वहां चेकिंग की जाएगी।