अलीराजपुर में सूने मकान में चोरी की कोशिश: लोगों ने घेरा तो मची भगदड़: भागते समय गिरे पानसिंह की मौत

अलीराजपुर। नगर के गणेश मंदिर क्षेत्र में सूने मकान में चोरी करने पहुंचे चार लोगों की आवाज सुनकर लोगों ने मकान को घेरकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो चारों भागने लगे।
इसी दौरान पानसिंह अजनार (40), निवासी बेलवानी, थाना बाग क्षेत्र, दौड़ते समय गिर गया। गंभीर रूप से घायल पानसिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
लोगों ने घेरा मकान
रिटायर्ड शिक्षक तुकाराम ढोले का मकान खाली था। पानसिंह अजनार अपने तीन साथियों के साथ चोरी के लिए मकान में दाखिल हुआ था। इसी दौरान आसपास के लोगों को घर से आवाजें आई। तब लोगों ने मकान को घेर लिया। आरोपियों को पकड़ने के लिए उनका पीछा शुरू कर दिया। लोगों को देखकर चारों आरोपी मौके से भाग निकले। इसी दौरान पानसिंह अजनार असंतुलित होकर जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पानसिंह को तत्काल जोबट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। वह हादसे मे बहुत ज्यादा घायल हो गया था इसलिए इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पहले भी कर चुके है चोरी
मृतक पानसिंह अजनार के खिलाफ पहले भी चोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज है। विभिन्न राज्यों की मोस्ट वांटेड सूची में भी उसकी नाम है। हालांकि, इन दावों और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की आधिकारिक पुष्टि पुलिस रिकॉर्ड से होना बाकी है।