| | | |

उज्जैन में करणी सेना के दो गुटों के बीच चले चाकू और तलवार: दो की मौत, दो घायल; पद के लिए हुआ था विवाद

उज्जैन। कनीपुरा में एक ढाबे पर देर रात करणी सेना से जुड़े दो गुटों के बीच पद को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षो के लोग चाकू और तलवार लेकर एक दूसरे से भीड़ गए।

इस विवाद में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। दोहरे हत्याकांड का पता चलते ही चरक अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

पद को लेकर हुई कहासुनी
जानकारी अनुसार कानीपुरा के लक्की दरबार ढाबे पर बुधवार रात करणी सेना से जुड़े दो गुट पहुंचे थे। यहां पद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसी के चलते एक पक्ष ने अपने साथियों को फोन करके बुलाया। 15 लोग हथियार लेकर पहुंचे और दूसरे गुट पर हमला कर दिया।

मृतक और घायल के नाम 
हमले मे राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप पिता दिलीप सिंह (42), निवासी नीमनवासा गंभीर घायल हो गया था। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वही उसके साथी जितेंद्र पिता निर्भय सिंह पवार (35), निवासी उंडासा की लाश ढाबे से कुछ दूरी पर झाड़ियों में मिली है। घटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

मृतक राहुल (ऑरेंज कपड़े में) मृतक जितेंद्र (सफेद कपड़े में)

12-15 लोगों ने किया हमला 
चरक अस्पताल में घायल श्रवण ने पुलिस को बताया कि ढाबे पर शक्ति सिंह और राहुल दरबार के बीच विवाद हुआ था। दोनों करणी सेना से हैं। पहले विवाद को शांत करा दिया गया था, लेकिन बाद में शक्ति सिंह ने सोनू नामक व्यक्ति को फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में 12 से 15 लोग हथियार लेकर पहुंचे और हमला कर दिया।

अस्पताल बना पुलिस छावनी
दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही चरक अस्पताल में तनाव की स्थिति बन गई। मृतकों के परिजन और समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। वही एएसपी आलोक शर्मा, सीएसपी पुष्पा प्रजापत और दीपिका शिंदे सहित महाकाल टीआई गगन बादल, हेमराज यादव और विवेक कनोडिया ने बल के साथ अस्पताल पहुंच स्थिति को कंट्रोल किया.

हमलावरों की तलाश जारी 
CSP पुष्पा प्रजापत ने घायल श्रवण से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। घायल ने बताया कि जितेंद्र राहुल का साथी था। विवाद के दौरान जान बचाने के लिए भागते समय हमलावरों ने उस पर पीछे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वही शक्ति सिंह निवासी पंवासा, पप्पू जाट और राहुल दरबार नक्षत्र होटल के सामने घायल हुए। पुलिस हमलावरो की जानकारी लेकर उन्हें खोज रही है।

Share