| | |

आनंद और प्रशांत को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड: ज्योतिरादित्य सिंधिया भी हुए शामिल; MPCA के वार्षिक समारोह में खिलाड़ियों और टीमों को किया सम्मानित

इंदौर। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में बुधवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ के आतिथ्य में जबलपुर के आनंद पटेल और ग्वालियर के प्रशांत मेहता को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, टीमों और संगठनों को भी विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए।

मंच पर जवागल श्रीनाथ के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, एमपीसीए अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया, सचिव सुधीर असनानी, विनीत सेठिया, संजीव दुआ और अरुंधति किरकिरे मौजूद रहे।

टेस्ट क्रिकेट ही असली क्रिकेट: श्रीनाथ
जवागल श्रीनाथ ने अपने उद्बोधन में एमपीसीए के पिछले 4-5 वर्षों में हुए विकास की सराहना की। उन्होंने मध्यप्रदेश के क्रिकेटर रजत पाटीदार, वेंकटेश अय्यर और अंतरराष्ट्रीय अंपायर नितिन मेनन की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से अनुशासन में रहकर अपने खेल पर फोकस करने की अपील की। श्रीनाथ ने टेस्ट क्रिकेट को असली क्रिकेट बताते हुए कहा कि जो खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट खेल सकता है, वह दूसरे फॉर्मेट भी अच्छे से खेल सकता है।

 

अंतरराष्ट्रीय मैचों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई
सुबह मैनेजिंग कमेटी की बैठक में आगामी अंतरराष्ट्रीय मैचों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई और लेखा-जोखा भी पेश किया गया। ज्योतिरादित्य सिंधिया और महानआर्यमन सिंधिया ने भी समारोह को संबोधित किया। राजेश वलेचा ने मंच संचालन की भूमिका निभाई। समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व क्रिकेटर, एमपीसीए पदाधिकारी और क्रिकेट प्रशंसक मौजूद रहे।

खिलाड़ियों को मिले कई श्रेणियों में पुरस्कार
समारोह में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड के अलावा टीम अवार्ड, व्यक्तिगत अवार्ड, माधवराव सिंधिया अवार्ड, बीसीसीआई अवॉर्ड, इंसेंटिव अवॉर्ड, निष्काम कर्मयोगी अवॉर्ड और बेस्ट सीनियर-जूनियर अवॉर्ड प्रदान किए गए। एमपीसीए ने इस दौरान अभिषेक मोहन गुप्ता के साथ अनुबंध भी साइन किया।

5 लाख रुपए, शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया
आनंद पटेल और प्रशांत मेहता को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड के तहत 5-5 लाख रुपए, शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। रजत पाटीदार, चंचल राठौर, पुष्कर कुशाग्र नागर, इशाना स्वामी, पुष्कर विश्वकर्मा, रितिक परब, आयुषी शुक्ला, अनन्या दुबे और मप्र रणजी टीम के कोच चंद्रकांत पंडित को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। अंतरराष्ट्रीय अंपायर नितिन मेनन को भी पुरस्कार दिया गया, हालांकि वह किसी कारणवश समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।

इंदौर संभाग को मिले सर्वाधिक 4 पुरस्कार
इंदौर, उज्जैन, शहडोल, नर्मदापुरम, चंबल और रीवा संभाग को भी सम्मानित किया गया। 11 पुरस्कारों में से सर्वाधिक 4 पुरस्कार इंदौर संभाग को मिले। इंदौर संभाग को 7 लाख 50 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई, जबकि उज्जैन संभाग को 5 लाख रुपए मिले। पुरस्कारों में वरिष्ठ खिलाड़ियों से लेकर जूनियर क्रिकेटरों तक को नकद राशि और सिल्वर प्लाक प्रदान किए गए। एमपीसीए ने इस वर्ष खिलाड़ियों को 2.94 करोड़ रुपए से अधिक की राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान की।
Share