NEET मुद्दे पर राजनाथ सिंह के घर हाईलेवल मीटिंग, NTA ने फीस रिफंड की डेडलाइन बढ़ाई

देशभर में चर्चा का विषय बने NEET परीक्षा विवाद को लेकर गुरुवार को Rajnath Singh के आवास पर एक हाईलेवल मीटिंग चल रही है। बैठक में Dharmendra Pradhan, Jyotiraditya Scindia, NTA के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह और PMO के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। माना जा रहा है कि बैठक में परीक्षा रद्द होने के बाद की स्थिति, री-एग्जाम और जांच की प्रगति पर चर्चा हो रही है।
इधर, National Testing Agency (NTA) ने फीस रिफंड के लिए बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब उम्मीदवार 22 जून रात 11:50 बजे तक अपने बैंक खाते की जानकारी जमा कर सकेंगे। इससे पहले यह डेडलाइन 27 मई तय की गई थी। उम्मीदवारों को रिफंड लिंक पर लॉग इन कर अपने क्रेडेंशियल्स के जरिए बैंक डिटेल्स अपडेट करनी होंगी।
गौरतलब है कि NEET-UG परीक्षा 3 मई को भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 23 लाख छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों के आरोपों के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी और दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया।
इस बीच Rahul Gandhi ने बुधवार को NEET की तैयारी कर रहे छात्र प्रदीप मेघवाल के परिवार से मुलाकात की। प्रदीप ने कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ लीक के बाद आत्महत्या कर ली थी। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह “एक टूटी हुई और भ्रष्ट व्यवस्था” का नतीजा है और इसके लिए सरकार जवाबदेह है।
वहीं, पेपर लीक मामले की जांच कर रही CBI लगातार कार्रवाई कर रही है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आरोपी डॉ. मनोज शिरुरे और तेजस हर्षद कुमार शाह को 1 जून तक CBI रिमांड पर भेज दिया है। एजेंसी अब तक देशभर में 49 जगहों पर छापेमारी कर कई दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त कर चुकी है। मामले में अब तक कुल 13 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।






