मप्र में पीएम सूर्य घर योजना को रफ्तार, 39 हजार उपभोक्ताओं को सब्सिडी
Madhya Pradesh में पीएम सूर्य घर योजना के तहत सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी देखने को मिल रही है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्र के 16 जिलों में अब तक 39,975 उपभोक्ता इस योजना से जुड़ चुके हैं। इन उपभोक्ताओं के खातों में 311 करोड़ 64 लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी राशि जमा कराई जा चुकी है।
जनसम्पर्क अधिकारी राजेश पाण्डेय के अनुसार, योजना के तहत एक किलोवॉट सोलर संयंत्र लगाने पर 30 हजार रुपये, दो किलोवॉट पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता वाले सौर संयंत्र लगाने पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है।
योजना के तहत लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को ऑनलाइन पंजीयन करना अनिवार्य है। विभाग ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे पंजीयन के बाद विद्युत वितरण कंपनी में रजिस्टर्ड अधिकृत वेंडर से ही सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाएं, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी या वित्तीय परेशानी न हो।
योजना के लिए आवेदन करने हेतु उपभोक्ता पीएम सूर्य घर योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही अधिक जानकारी के लिए कंपनी के पोर्टल, उपाय ऐप, व्हाट्सऐप चैटबॉट और टोल फ्री नंबर 1912 का उपयोग किया जा सकता है।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि समय पर सब्सिडी प्राप्त करने के लिए उपभोक्ता के बैंक खाते, आधार कार्ड और बिजली बिल में दर्ज नाम समान होना जरूरी है। गौरतलब है कि 1 दिसंबर 2024 के बाद स्थापित होने वाले सौर संयंत्रों में केवल स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को सोलर वेंडर को भुगतान में लगभग 6 से 8 हजार रुपये तक की बचत हो रही है।






