मऊगंज में ईद की तैयारी कर रहे लोगों को जलाया: पेट्रोल डालकर लगाई आग; एक की हालत गंभीर

मऊगंज। लौर थाना क्षेत्र के अलहौवा गांव में ईद मिलादुन्नबी की तैयारी कर रहे लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है।
घटना में चार लोग झुलस गए। सभी घायलों का इलाज रीवा के संजय गांधी अस्पताल में चल रहा है। जिसमें अजहरुद्दीन उर्फ राजू की हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक 26 अगस्त को होने वाले ईद मिलादुन्नबी पर्व की तैयारी गांव में चल रही थी। सोमवार शाम 7 बजे अलहौवा निवासी राम रईस जायसवाल ने आगे लगा दी।
एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
आरोप है कि उसने वहां बैठे चार लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से अजहरुद्दीन उर्फ राजू गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं उसे बचाने के प्रयास में मोहम्मद सद्दाम, अनवर अली और अजहरुद्दीन का भाई अतीक अहमद भी झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों का उपचार जारी
चारों घायलों को उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल लाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अंधेरे का फायदा उठाया
आरोपी ने अंधेरे का फायदा उठकर घटना को अंजाम दिया। गांव में 3 दिनों से लाइट नहीं है। सभी अंधेरे में ही सजावट का काम कर रहे थे। अंधेरे में कोई उसे देख नहीं पाया। आरोपी ने पेट्रोल में आग लगाकर फेंक दी और चुपके से भाग गया।