इंदौर नगर निगम परिसर में वाल्मीकि समाज का प्रदर्शन: निगम आयुक्त को मांग पत्र देने पर अड़े; समस्याओं के निराकरण की मांग

इंदौर। नगर निगम परिसर में मंगलवार को वाल्मीकि समाज की चारों पंचायतों के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों और समाजजनों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि आज का मांग पत्र किसी अन्य अधिकारी को नहीं सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि मांग पत्र सीधे नगर निगम आयुक्त को ही दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने निगम आयुक्त से अपील की कि यदि वे अपने कक्ष में मौजूद हैं तो बाहर आकर समाज की माता-बहनों और प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनें।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा- अपनी मांगों को लेकर निगम प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए धरने पर बैठे हैं। उन्होंने आग्रह किया कि आयुक्त स्वयं प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर मांग पत्र अपने हाथों में लें और समाज की समस्याओं के निराकरण को लेकर प्रतिनिधियों से चर्चा करें।
जल्द कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इंदौर शहर की चारों पंचायतों के नेतृत्व में यह प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। समाज की ओर से सफाई कर्मचारियों और अन्य समाजजनों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा गया है। प्रतिनिधियों ने मांगों पर जल्द कार्रवाई किए जाने की बात कही।
हाय-हाय के लगाए नारे
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “निगम प्रशासन हाय-हाय” के नारे भी लगाए। समाजजनों का कहना है कि उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन को जल्द समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।